BRICS Meeting Jaipur: जयपुर में आज से BRICS देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक, निर्मला सीतारमण समेत 11 देशों के प्रतिनिधि जुटे

जयपुर में 12-13 अगस्त को BRICS देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक होगी। निर्मला सीतारमण और RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा भी शामिल होंगे।

BRICS Meeting Jaipur: जयपुर में आज से BRICS देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक, निर्मला सीतारमण समेत 11 देशों के प्रतिनिधि जुटे
Rajasthan

BRICS Meeting Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर एक बार फिर वैश्विक आर्थिक चर्चा का केंद्र बनने जा रही है। भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत 12 और 13 अगस्त को जयपुर के होटल रामबाग में BRICS देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की दो दिवसीय बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक बुधवार सुबह करीब 11:15 बजे शुरू होगी और गुरुवार दोपहर 12:30 बजे इसका समापन होगा।

बैठक में भारत समेत BRICS समूह के 11 देशों के वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक गवर्नर हिस्सा ले रहे हैं। अधिकांश प्रतिनिधि मंगलवार को ही जयपुर पहुंच चुके हैं।

निर्मला सीतारमण और RBI गवर्नर जयपुर पहुंचे

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार देर रात मंत्रालय के अधिकारियों के साथ जयपुर पहुंचीं। जयपुर पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद रहे।

वहीं, भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा भी मंगलवार देर रात जयपुर पहुंचे। बैठक के उद्घाटन सत्र को निर्मला सीतारमण और RBI गवर्नर संबोधित करेंगे।

वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े अहम मुद्दों पर मंथन

बैठक में BRICS देशों के बीच वित्तीय सहयोग और केंद्रीय बैंकों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा सदस्य देशों की अर्थव्यवस्थाओं में तेजी लाने, आर्थिक उदारीकरण और विभिन्न आर्थिक जोखिमों से निपटने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक एवं वित्तीय सहयोग को मजबूत करने और वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर साझा रणनीति तैयार करना भी है।

BRICS प्रतिनिधियों को दिखेगी राजस्थानी संस्कृति

जयपुर आने वाले विदेशी प्रतिनिधियों को राजस्थान की कला और संस्कृति से भी रूबरू कराया जाएगा। बुधवार शाम करीब 5 बजे BRICS देशों के प्रतिनिधि सिटी पैलेस जाएंगे।

यहां उनके लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें राजस्थान की पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

जयपुर में दूसरी बार हो रही BRICS बैठक

जयपुर में BRICS देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक दूसरी बार आयोजित हो रही है। इससे पहले वर्ष 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान जयपुर में BRICS से जुड़े प्रतिनिधियों ने आर्थिक सुधार, टीकाकरण और नीतिगत समर्थन जैसे विषयों पर चर्चा की थी।

उस बैठक में डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन, ई-हेल्थ, सामाजिक अवसंरचना और वित्तीय समावेशन जैसे मुद्दे प्रमुख रहे थे। इसके अलावा यूरोपीय संघ के कार्बन बॉर्डर एडजस्टमेंट मैकेनिज्म को लेकर भी चिंताएं सामने आई थीं।

13 अगस्त को होगा बैठक का समापन

दो दिवसीय बैठक के दौरान BRICS देशों के वित्त मंत्री और केंद्रीय बैंक गवर्नर वैश्विक एवं सदस्य देशों की अर्थव्यवस्थाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। बैठक का समापन 13 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे होगा।

जयपुर में इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आर्थिक आयोजन से शहर की वैश्विक पहचान को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।