Jaipur Mayor Election: कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, पार्षदों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
जयपुर महापौर चुनाव से पहले कांग्रेस ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर निर्वाचित पार्षदों की सुरक्षा और स्वतंत्र मतदान की मांग की। पार्टी ने मतगणना में कथित अनियमितताओं, पुलिस के कथित दुर्व्यवहार और CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग भी की।
Jaipur Mayor Election 2026: जयपुर नगर निगम के महापौर चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने निर्वाचित पार्षदों की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में उनकी स्वतंत्र भागीदारी को लेकर पुलिस प्रशासन के सामने अपनी चिंता जताई है। कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर मतगणना के दौरान कथित अनियमितताओं और पुलिस के कथित दुर्व्यवहार की जांच की मांग की।
राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जयपुर समेत जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों के महापौर चुनाव के लिए 25 सितंबर को मतदान निर्धारित किया गया है।
मतगणना में गड़बड़ी का कांग्रेस ने लगाया आरोप
कांग्रेस की ओर से दिए गए ज्ञापन में दावा किया गया कि मतगणना के दौरान कम से कम सात मामलों में आगे चल रहे उसके प्रत्याशियों को कम अंतर से हारा हुआ घोषित किया गया। पार्टी का आरोप है कि कुछ प्रत्याशियों ने परिणाम और मतगणना में कथित विसंगतियों को लेकर पुनर्मतगणना की मांग की, लेकिन उनकी शिकायतों पर सुनवाई नहीं हुई।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस दौरान कुछ प्रत्याशियों के साथ पुलिस ने धक्का-मुक्की और बल प्रयोग किया तथा उन्हें मतगणना केंद्र से बाहर कर दिया गया। पार्टी ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पार्षदों पर दबाव की आशंका जताई
ज्ञापन में कांग्रेस ने महापौर चुनाव के दौरान अपने पार्षदों पर कथित राजनीतिक दबाव बनाए जाने की आशंका भी जताई। पार्टी ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि किसी निर्वाचित पार्षद को मतदान से रोकने के लिए हिरासत में लेने, थाने ले जाने या रास्ते में रोकने जैसी कार्रवाई नहीं की जाए।
कांग्रेस ने यह भी मांग की कि पार्षदों के चुनाव स्थल तक आने-जाने, प्रवेश करने, मतदान करने और वापस लौटने में किसी तरह की बाधा न हो।
CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
कांग्रेस ने मतगणना के दौरान सामने आए सात मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही मतगणना केंद्रों की CCTV फुटेज और वीडियोग्राफी सुरक्षित रखने तथा कथित मारपीट या अनुचित बल प्रयोग के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग भी ज्ञापन में की गई है।
पार्टी ने पार्षदों की शिकायतों के तत्काल निस्तारण के लिए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त करने और उनका संपर्क नंबर उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन पर कांग्रेस के कई नेताओं के हस्ताक्षर
ज्ञापन पर जयपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान, विधायक अमीन कागजी और पूर्व विधायक गंगा देवी के हस्ताक्षर बताए गए हैं।
हालिया निकाय चुनाव के बाद जयपुर नगर निगम में 150 वार्डों के परिणाम सामने आए हैं। पुनर्मतदान के बाद कांग्रेस की संख्या 57 और भाजपा की 78 सीट हो गई, जबकि 15 सीटों पर निर्दलीय पार्षद विजयी हुए।
कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से महापौर चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में कराने तथा सभी निर्वाचित पार्षदों को बिना दबाव मतदान करने का अवसर सुनिश्चित करने की अपील की है।

