बजरी से भरे ट्रेलर के केबिन में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

उदयपुर के बेकरिया थाना क्षेत्र में बजरी से भरे ट्रेलर के केबिन में अचानक आग लग गई। ड्राइवर ने कूदकर जान बचाई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।

बजरी से भरे ट्रेलर के केबिन में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

उदयपुर जिले में बुधवार सुबह बजरी से भरे एक ट्रेलर के केबिन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही ट्रेलर का केबिन तेजी से जलने लगा। स्थिति को देखते हुए ड्राइवर ने समय रहते ट्रेलर से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

घटना बेकरिया थाना क्षेत्र में मोरस टोल के पास की बताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मोरस टोल के पास अचानक लगी आग

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर डिसा गांव से बजरी लेकर उदयपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मोरस टोल के पास पहुंचा, अचानक उसके केबिन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा केबिन लपटों की चपेट में आ गया।

आग बढ़ती देख ड्राइवर ने किसी तरह ट्रेलर से बाहर निकलकर छलांग लगा दी। समय रहते बाहर निकलने से उसकी जान बच गई।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी में ट्रेलर के केबिन में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने पर बेकरिया थानाधिकारी रामअवतार मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की सूचना पर दमकल वाहन भी घटनास्थल पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड की टीम ने प्रयास कर आग पर काबू पाया।

नेशनल हाईवे 27 पर प्रभावित हुआ यातायात

ट्रेलर में आग लगने की घटना के चलते गोगुंदा-उदयपुर नेशनल हाईवे 27 पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था संभाली और आग बुझने के बाद वाहनों की आवाजाही को सामान्य कराया।

पुलिस अब आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।