Udaipur Crime News: ज्वेलरी शोरूम से 1 करोड़ की चोरी का खुलासा, चंबल के बीहड़ में गड्ढा खोदकर छिपाया था माल
उदयपुर के नवीन ज्वेलर्स शोरूम से करीब 1 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। हाथीपोल थाना पुलिस ने आगरा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चंबल के बीहड़ में छिपाई गई करीब 60 लाख रुपये की ज्वेलरी बरामद की है।
उदयपुर में ज्वेलरी शोरूम से करीब 1 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। हाथीपोल थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी की ज्वेलरी को चंबल के बीहड़ में करीब 3 फीट गहरे गड्ढे में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 60 लाख रुपये कीमत की सोने, चांदी और हीरे की ज्वेलरी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पंचवटी स्थित नवीन ज्वेलर्स शोरूम में 29 जुलाई को चोरी हुई थी। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई थी, जिसमें आरोपी बैग में ज्वेलरी भरते नजर आए थे। पुलिस ने उदयपुर से लेकर कोटा, धौलपुर और आगरा तक करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब डेढ़ महीने की जांच के बाद आरोपियों तक पहुंची।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनपाल (24) उर्फ धांधु वर्मा, आनंद (26) उर्फ कुकड़िया वर्मा और गुड्डू (27) के रूप में हुई है। तीनों आगरा, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
मजदूरी के बहाने उदयपुर आए, फिर की शोरूम की रेकी
उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि वारदात से करीब दो महीने पहले आरोपी मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा और आनंद वर्मा मजदूरी करने के लिए उदयपुर आए थे। इसी दौरान उन्होंने नवीन ज्वेलर्स शोरूम की रेकी की।
इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्यों को उदयपुर बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पैदल गुमानिया नाले में उतरकर ज्वेलर्स के शोरूम तक पहुंचे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के बाकी माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
मोबाइल और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से बनाई दूरी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के दौरान और उसके बाद मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे। उन्होंने कोई ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी नहीं किया। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी अलग-अलग जगहों पर जाने के लिए ट्रेन, बस और टैम्पो का इस्तेमाल करते रहे और किराया नकद में देते थे।
एसपी ने बताया कि आरोपी लगातार अपना रूट बदलते रहे। उदयपुर से ट्रेन से चित्तौड़गढ़ पहुंचे। इसके बाद किराए के टैम्पो से चित्तौड़गढ़ से कोटा गए। वहां से दूसरी बस लेकर बारां पहुंचे। फिर बारां से ग्वालियर होते हुए शिवपुरी, शिवपुरी से धौलपुर और धौलपुर से बस के जरिए आगरा पहुंचे।
आगरा पहुंचने के बाद आरोपियों ने चोरी की ज्वेलरी को चंबल के बीहड़ में छिपा दिया।
200 CCTV कैमरों से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
जांच के दौरान उदयपुर में मिले CCTV फुटेज में आरोपियों की तस्वीरें पुलिस के हाथ लगीं। पुलिस ने आगरा पहुंचकर स्थानीय लोगों को आरोपियों की तस्वीरें दिखाकर उनके बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने एक आरोपी को पहचान लिया।
इसके बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ी और टीम आगरा के बीहड़ इलाके तक पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपी बीहड़ के पास स्थित गांव में अपने रिश्तेदारों के यहां रुके हुए थे। तलाशी के दौरान चोरी का माल छिपाने की जानकारी सामने आई और पुलिस ने करीब 60 लाख रुपये की ज्वेलरी बरामद कर ली।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी की बाकी ज्वेलरी तथा गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

