Udaipur Crime News: हिस्ट्रीशीटर पर फायरिंग के मामले में दो इनामी बदमाशों को पनाह देने वाला गिरफ्तार
उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर पर फायरिंग के मामले में फरार दो इनामी बदमाशों को पनाह और आर्थिक मदद देने के आरोप में पुलिस ने तौफिक खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस फायरिंग और आरोपियों की फरारी से जुड़े मामले की जांच कर रही है।
उदयपुर की सवीना थाना पुलिस ने करीब 10 दिन पहले हिस्ट्रीशीटर पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों की मदद करने के आरोप में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फरारी के दौरान दोनों बदमाशों को छिपने के लिए ठिकाने उपलब्ध कराए और आर्थिक मदद भी की।
सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि मामले में रामपुरा निवासी और हाल हरियाणा में रह रहे तौफिक खान को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि तौफिक ने एक दिन पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी उस्मान गनी और मोहसिन काणा की फरारी के दौरान मदद की थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने अपराधियों को पनाह देने और उनकी मदद करने वालों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की सहायता करने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
29 अगस्त को हुई थी फायरिंग की वारदात
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की रात अरदीन उर्फ लाला बलीचा स्थित एक होटल में अपने साथियों के साथ जन्मदिन मना रहा था। रात करीब 2:30 बजे हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा गिरोह से जुड़े उस्मान गनी और मोहसिन काणा समेत करीब छह बदमाशों ने अरदीन पर हमला कर दिया।
इस दौरान अरदीन पक्ष की ओर से जवाबी पथराव किया गया, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले।
पीछा करने पर हिस्ट्रीशीटर पर फायरिंग
घटना की जानकारी मिलने के बाद अरदीन का बड़ा भाई और हिस्ट्रीशीटर फरदीन उर्फ गांजा आरोपियों का पीछा करते हुए सवीना की बरकत कॉलोनी पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, वहां उस्मान गनी ने फरदीन पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग में फरदीन के कंधे में दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसके साथी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटना के बाद अरदीन ने सवीना में उस्मान के मामा इरशाद के घर में तोड़फोड़ कर दी थी। पुलिस अब फायरिंग, फरारी और आरोपियों को पनाह देने से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।

