Udaipur Crime: मृत पिता के नाम से फर्जी लीजडीड बनवाकर प्लॉट बेचा, SOG ने आरोपी को दबोचा

उदयपुर में UIT से हस्तांतरित खाली और रद्द भूखंडों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर नगर निगम से लीजडीड जारी करवाने के मामले में SOG ने भंवर सिंह राव को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने मृत पिता के नाम पर दस्तावेज तैयार करवाकर प्लॉट की लीजडीड अपने नाम कराई और बाद में उसे बेच दिया।

Udaipur Crime: मृत पिता के नाम से फर्जी लीजडीड बनवाकर प्लॉट बेचा, SOG ने आरोपी को दबोचा

उदयपुर में UIT से वर्ष 2004 में हस्तांतरित भूखंडों में खाली और रद्द प्लॉटों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर नगर निगम से लीजडीड जारी करवाने के मामले में SOG ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भंवर सिंह राव (51) निवासी गुगली ग्राम पंचायत आईडाणा, थाना आमेट, जिला राजसमंद के रूप में हुई है।

मृत पिता के नाम पर तैयार करवाए फर्जी दस्तावेज

SOG के मुताबिक, भंवर सिंह राव ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हिरणमगरी सेक्टर-11 स्थित प्लॉट संख्या 1165-V के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए थे। आरोप है कि ये दस्तावेज उसके मृत पिता गुलाब सिंह राव के नाम से तैयार किए गए।

जांच में सामने आया कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आरोपी ने इस प्लॉट की लीजडीड अपने नाम से नगर निगम उदयपुर से जारी करवा ली। इसके बाद प्लॉट को बेच दिया और उससे मिली रकम अपने बैंक खाते में जमा करवाई।

जांच में भूमिका सामने आने पर गिरफ्तार

मामले की जांच पुलिस थाना सूरजपोल में चल रही है। जांच के दौरान SOG को भंवर सिंह राव की भूमिका से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। प्रथम दृष्टया अपराध प्रमाणित पाए जाने के बाद SOG ने उसकी तलाश शुरू की।

डीआईजी भुवन भूषण यादव के सुपरविजन और निर्देशन में तथा एसपी कुंदन कंवरिया के नेतृत्व में एएसपी मुकेश कुमार सोनी और SOG यूनिट उदयपुर की टीम ने आरोपी की तलाश की। लगातार प्रयास के बाद टीम ने भंवर सिंह राव को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार

SOG के अनुसार, फर्जी दस्तावेज तैयार कर नगर निगम उदयपुर से भूखंडों की लीजडीड जारी करवाने और बाद में उन्हें बेचने के मामले में भंवर सिंह राव समेत अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मामले में अन्य संदिग्धों और संभावित रूप से संलिप्त आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही फर्जी दस्तावेजों और भूखंडों के लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने पर मामले में और जानकारी सामने आ सकती है।