Udaipur Crime News: नंबर ब्लॉक करने पर भड़का प्रेमी, गर्लफ्रेंड और मां-भाई पर चाकू से हमला; खुद को भी किया घायल

उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र में मोबाइल नंबर ब्लॉक करने से नाराज युवक ने प्रेमिका, उसकी मां और भाई पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। घटना में चारों घायल हैं और एमबी अस्पताल में उपचार जारी है।

Udaipur Crime News: नंबर ब्लॉक करने पर भड़का प्रेमी, गर्लफ्रेंड और मां-भाई पर चाकू से हमला; खुद को भी किया घायल

Udaipur Crime News: राजस्थान के उदयपुर में मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से नाराज एक युवक ने अपनी प्रेमिका, उसकी मां और भाई पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। घटना में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शुक्रवार शाम अंबामाता थाना क्षेत्र की खारोल कॉलोनी में हुई।

नंबर ब्लॉक करने से नाराज था युवक

पुलिस के अनुसार, बादरवाड़ा निवासी युवती फिलहाल खारोल कॉलोनी में अपनी मां और भाई के साथ किराए के कमरे में रह रही थी। युवती की दिनेश राजपूत से पहचान थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं।

कुछ दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद युवती ने दिनेश से बातचीत बंद कर उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। इससे नाराज दिनेश शुक्रवार शाम युवती के घर पहुंच गया।

विवाद बढ़ने पर किया हमला

घर पहुंचने के बाद नंबर ब्लॉक करने और बातचीत बंद करने को लेकर युवक और युवती के बीच बहस होने लगी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने युवती की मां पर चाकू से हमला कर दिया। मां को बचाने के लिए युवती और उसका भाई बीच में आए तो आरोपी ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया।

हमले में युवती के हाथ और कान समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई। उसके भाई के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू से घायल कर लिया।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोग

घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। अंदर चारों को घायल अवस्था में देखकर पुलिस को सूचना दी गई। अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घटना के समय घर में चार महीने की बच्ची भी मौजूद थी। स्थानीय लोगों ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और बाद में मकान मालिक की देखरेख में सौंप दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

थानाधिकारी हुकुम सिंह के अनुसार, घटना के पीछे आपसी विवाद और मोबाइल नंबर ब्लॉक किया जाना सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना में घायल चारों लोगों का एमबी अस्पताल में उपचार जारी है।