Udaipur News: खाने में कॉकरोच निकलने की शिकायत पर टूरिस्ट से मारपीट, चेहरे-सिर पर आई चोट
उदयपुर के मीरा रेस्टोरेंट में खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि रेस्टोरेंट संचालक और स्टाफ ने टूरिस्ट से मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और सिर पर चोट आई। मामले में दोनों पक्षों ने क्रॉस FIR दर्ज कराई है।
उदयपुर में एक रेस्टोरेंट में खाने के दौरान कॉकरोच मिलने की शिकायत करना एक टूरिस्ट को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत के बाद रेस्टोरेंट संचालक और स्टाफ ने उसके साथ मारपीट कर दी। घटना में टूरिस्ट के चेहरे और सिर पर चोट आई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया।
खाने में कॉकरोच मिलने पर हुआ विवाद
घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे धानमंडी थाना क्षेत्र के देहलीगेट चौराहे स्थित मीरा रेस्टोरेंट की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट जयेश पटेल (35) खाना खा रहा था। इसी दौरान उसके खाने में कॉकरोच मिलने पर उसने रेस्टोरेंट स्टाफ से शिकायत की।
शिकायत के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। आरोप है कि रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों ने टूरिस्ट के साथ मारपीट की। घटना में उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद था पुलिसकर्मी
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान मौके पर एक पुलिसकर्मी भी मौजूद था। हालांकि, आरोप है कि वह मारपीट करने वालों को रोक नहीं पाया। घायल टूरिस्ट को बाद में इलाज के लिए एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई क्रॉस एफआईआर
मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई गई है। धानमंडी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी गजवीर सिंह के अनुसार, खाने में कॉकरोच मिलने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान जयेश पटेल घायल हुआ है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

