Jhunjhunu News: कार-बोलेरो की टक्कर की मामूली बात पर सड़क पर भिड़े दो पक्ष, 45 मिनट तक हंगामा

झुंझुनूं के चूरू बाईपास तिराहे पर कार और बोलेरो के मामूली टच के बाद दोनों पक्षों में सड़क पर करीब 45 मिनट तक मारपीट हुई। विवाद में लात-घूंसे चलने के साथ बोलेरो के शीशे भी तोड़ दिए गए, हालांकि दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज नहीं कराई।

Jhunjhunu News: कार-बोलेरो की टक्कर की मामूली बात पर सड़क पर भिड़े दो पक्ष, 45 मिनट तक हंगामा

झुंझुनूं: झुंझुनूं शहर के चूरू बाईपास तिराहे पर शुक्रवार दोपहर कार और बोलेरो के मामूली टच होने की बात को लेकर बड़ा विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच सड़क पर मारपीट शुरू हो गई। करीब 45 मिनट तक चले हंगामे में दोनों तरफ से लात-घूंसे चले और बोलेरो कार के शीशे भी तोड़ दिए गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों ने किसी तरह की औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। ऐसे में पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया है।

बीमार बच्चे को अस्पताल दिखाकर लौट रहा था परिवार

जानकारी के मुताबिक, जीत की ढाणी निवासी सुनील अपने दोस्त के साथ 8 महीने के बीमार बच्चे को अस्पताल में दिखाकर गांव लौट रहा था। चूरू बाईपास तिराहे पर बोलेरो में सवार कुछ युवकों ने उनकी कार को रुकवा लिया।

इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। सुनील का आरोप है कि बोलेरो में सवार युवक गाड़ी से उतरे और उस पर 5-7 मुक्के मार दिए। इससे उसके मुंह से खून निकलने लगा। अचानक हुए हमले के बाद सुनील और उसके दोस्त ने विरोध किया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।

सड़क पर दोनों पक्षों में चले लात-घूंसे

विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक हंगामा जारी रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर बोलेरो सवार युवक मौके से भागकर पहले एक मिठाई की दुकान, फिर होटल और बाद में एक निजी अस्पताल में जाकर छिप गए। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।

बोलेरो के शीशे तोड़े

मारपीट से नाराज सुनील और उसके साथी ने बोलेरो में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान बोलेरो के शीशे फोड़ दिए गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया।

पुलिस पहुंची, दोनों पक्षों ने शिकायत से किया इनकार

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक मामला शांत हो चुका था। पुलिस ने दोनों पक्षों से घटना की जानकारी ली।

हालांकि, दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया। इसके चलते फिलहाल पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है।