Alwar News: फैक्ट्री में भारी इलेक्ट्रिक पैनल गिरने से मजदूर की मौत, काम के दौरान हुआ हादसा
अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित एपिको एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड में काम के दौरान भारी इलेक्ट्रिक पैनल गिरने से मजदूर मोहम्मद शाहिद की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Alwar News: अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम करने के दौरान हादसा हो गया। एपिको एग्रो फूड प्राइवेट लिमिटेड में भारी इलेक्ट्रिक पैनल गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान मोहम्मद शाहिद (50) निवासी कमरा नवाबान गांव, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उद्योग नगर थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक (ASI) सोवरन सिंह ने बताया कि मोहम्मद शाहिद अलवर में अकेले रहकर मजदूरी करता था। उसके परिवार में चार बच्चे हैं, जो मेरठ में रहते हैं।
पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चुरी में रखवाया गया।
परिजनों के अलवर पहुंचने के बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कराई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

