1.49 किलो अवैध अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 8 लाख रुपए
राजस्थान CID क्राइम ब्रांच ने सीकर के लक्ष्मणगढ़ में कार्रवाई करते हुए 1.490 किलो अवैध अफीम बरामद की। पुलिस ने झालावाड़ और मध्यप्रदेश के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जब्त अफीम की कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है।
राजस्थान पुलिस की CID क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीकर जिले में 1.490 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने अफीम तस्करी के आरोप में झालावाड़ और मध्यप्रदेश के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी
ADG क्राइम बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि CID-CB की स्पेशल टीम को जयपुर रेंज और सीकर क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लगाया गया था।
इसी दौरान टीम के हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को सूचना मिली कि झालावाड़ की तरफ से एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर लक्ष्मणगढ़ पहुंचने वाला है। सूचना को विकसित करने के बाद सीकर SP प्रवीण नायक नूनावत के समन्वय से लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और सीकर DST टीम को मौके पर तैनात किया गया।
संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी में मिली 1.490 किलो अफीम
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.490 किलो अवैध अफीम बरामद हुई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश पुरी (30) पुत्र मानपुरी निवासी नया खेड़ा, थाना गंगधार, जिला झालावाड़ और भैरूसिंह (28) पुत्र पर सिंह राजपूत निवासी पिपलिया सादिकपुर, थाना पिपलौन, जिला आगर मालवा, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मामले में लक्ष्मणगढ़ थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए अफीम के स्रोत, सप्लाई और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

