CA से 1 करोड़ की ठगी, डिजिटल अरेस्ट की चौंकाने वाली खबर
राजस्थान के सीकर में डिजिटल अरेस्ट के मामले ने सभी को चौंका दिया है. ठगों ने 72 साल के बुजुर्ग CA को डिजिटल अरेस्ट बनाए रखा, एक-दो-तीन दिन तक नहीं बल्कि सीधे-सीधे 24 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा। इस दौरान साइबर ठगों ने रिटायर्ड CA से करीब 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी को अंजाम दे दिया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बुजुर्ग सीए से ठगी करने वाले जालसाजों का पुलिस पता लगा रही है।

एक महीने पहले बुजुर्ग के पास कॉल आया
पुलिस के मुताबिक पीड़ित हनुमान सिंह ने बताया कि वो सीए पद से रिटायर होकर गुरुग्राम के महफिल गार्डन में रह रहे थे, हालांकि बीते 10 मार्च से वो सीकर में ही थे। इसी बीच 1 अप्रैल 2026 को उनके पास कॉल आया, उस समय घर पर कोई नहीं था, इसके बाद व्हाट्सअप पर उस व्यक्ति ने खुद को पुलिस-सीबीआई सीआईडी अधिकारी बताया। कॉल करने वाले शख्स ने बुजुर्ग को डराते हुआ उसके मोबाइल से महिलाओं को अश्लील मैसेज करना, आपत्तिजनक मैसेज भेजना। इसके साथ ही उनके नाम से कई बैंक खातों में अवैध लेन-देन भी होने की बात बताई।
FIR का डर दिखाकर ठगों ने बुजुर्ग को फंसाया
फिर ठगों ने वीडियो कॉल के जरिए फर्जी FIR और कोर्ट की कार्यवाही दिखाकर बुजुर्ग को पूरी तरह डरा दिया. ऐसे में मानसिक दबाव में आए पीड़ित बुजुर्ग को मुकदमा खत्म करवाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 4 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1 करोड़ 3 लाख 81 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए.
जांच में जुटी पुलिस
पीड़ित बुजुर्ग हनुमान सीए थे, जो अब रिटायर्ड हो चुके हैं. जालसाजों ने उन्हें 24 दिन तक डिजिटल अरेस्ट करके ठगी की वारदात को अंजाम दिया है. पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब साइबर ठगों की पहचान और रकम की रिकवरी के प्रयास में जुटी हुई है.
JP Sharma 
