Jodhpur Crime: दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1 लाख की ठगी, दंपती के पासपोर्ट भी हड़पे

जोधपुर में दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 1 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी पर युवक और उसकी पत्नी के ओरिजिनल पासपोर्ट अपने पास रखने और रकम व पासपोर्ट वापस नहीं करने का आरोप है। झंवर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jodhpur Crime: दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1 लाख की ठगी, दंपती के पासपोर्ट भी हड़पे

Jodhpur Crime: जोधपुर में दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 1 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठग ने युवक और उसकी पत्नी को विदेश भेजने की बात कहकर दोनों के ओरिजिनल पासपोर्ट भी अपने पास रख लिए। पैसे और पासपोर्ट वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। झंवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

व्हाट्सऐप पर हुई थी आरोपी से बातचीत

विष्णु की ढाणी लूणावास खारा निवासी रमेश (25) पुत्र राजाराम मेघवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 जून 2026 को उसकी बातचीत घेवड़ा निवासी श्याम शर्मा पुत्र रामेश्वर से व्हाट्सऐप पर हुई थी।

रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने रमेश और उसकी पत्नी को दुबई भेजकर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने दोनों के ओरिजिनल पासपोर्ट अपने पास ले लिए।

वीजा और टिकट के नाम पर लिए 1 लाख रुपए

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने वीजा और टिकट बनवाने की बात कहकर 1 जुलाई से 16 जुलाई के बीच फोन-पे के जरिए अलग-अलग किस्तों में कुल 1 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए।

पैसे लेने के बाद रमेश ने जब वीजा और टिकट के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। आरोप है कि उसने कहा कि अभी 1 लाख रुपए दे दो और बाकी रकम नौकरी लगने के बाद सैलरी से काट ली जाएगी।

पासपोर्ट और पैसे लौटाने का भी दिया आश्वासन

पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने बाद में पैसे और पासपोर्ट वापस करने का आश्वासन दिया और अलग-अलग तारीखों पर इसे लौटाने की बात कही। हालांकि, न तो पासपोर्ट वापस किए गए और न ही रकम लौटाई गई।

रमेश ने कई बार आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने व्हाट्सऐप मैसेज देखना और फोन उठाना भी बंद कर दिया।

1930 पर साइबर शिकायत के बाद केस दर्ज

लगातार संपर्क के बावजूद रकम और पासपोर्ट वापस नहीं मिलने पर रमेश ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद झंवर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस अब आरोपी से जुड़े तथ्यों, पैसों के लेनदेन और पासपोर्ट से संबंधित जानकारी की जांच कर रही है।