फर्जी नंबर की Fortuner से 378 किलो डोडा-पोस्त बरामद, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार
जोधपुर के डांगियावास में पुलिस ने बिसलपुर गौशाला के पास फर्जी नंबर प्लेट वाली टोयोटा फॉर्च्यूनर से 378 किलो अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने वाहन जब्त कर तलाश शुरू कर दी है।
जोधपुर में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ डांगियावास थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम बिसलपुर स्थित गौशाला के पास एक टोयोटा फॉर्च्यूनर से 378 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया। गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गोपनीय सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
थाना अधिकारी राजूराम काला के अनुसार, पुलिस को देर रात बिसलपुर गौशाला के पास संदिग्ध वाहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में गश्त बढ़ाई। इसी दौरान एक संदिग्ध फॉर्च्यूनर दिखाई दी।
पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में डोडा-पोस्त मिला। वजन करने पर कुल 378 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ।
कर्नाटक से चोरी हुई थी फॉर्च्यूनर
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि फॉर्च्यूनर पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि बरामद वाहन कर्नाटक से चोरी किया गया था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की गई गाड़ी को मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किस तरह इस्तेमाल किया जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
दो महीने में डांगियावास पुलिस की तीसरी बड़ी कार्रवाई
थाना अधिकारी राजूराम काला के नेतृत्व में डांगियावास थाना पुलिस ने पिछले दो महीनों में मादक पदार्थों के खिलाफ यह तीसरी बड़ी कार्रवाई की है। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस ने बरामद डोडा-पोस्त और वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

