उदयपुर ज्वेलरी शॉप में 3.25 लाख की चोरी, एक दिन पहले सलूंबर में भी पहुंचा था आरोपी
उदयपुर के तीतरड़ी स्थित नमो ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर बदमाश ने 3.25 लाख रुपए की ज्वेलरी पार कर दी। आरोपी एक दिन पहले सलूंबर की ज्वेलरी शॉप पर भी पहुंचा था।
उदयपुर के तीतरड़ी चौराहा स्थित नमो ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर करीब 3.25 लाख रुपए की सोने की ज्वेलरी चोरी करने वाले आरोपी का एक और CCTV फुटेज सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी वारदात से एक दिन पहले सलूंबर की एक ज्वेलरी दुकान पर भी गया था। वहां दुकानदार की सतर्कता के चलते वह चोरी करने में सफल नहीं हो सका।
सलूंबर में भी ग्राहक बनकर पहुंचा था बदमाश
जानकारी के अनुसार, आरोपी 16 सितंबर की दोपहर सलूंबर के नागदा बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप में पहुंचा था। उस समय दुकान पर महिला दुकानदार मौजूद थी। आरोपी ने महिला को अकेला देखकर दुकान में प्रवेश किया और ग्राहक बनकर ज्वेलरी देखने लगा।

पुरुष दुकानदार के मौजूद होने से नहीं कर सका वारदात
आरोपी ने जिस समय दुकान में प्रवेश किया, उस दौरान वहां एक पुरुष दुकानदार भी मौजूद था। ऐसे में आरोपी को वारदात का मौका नहीं मिला और वह बिना चोरी किए वहां से चला गया।
CCTV फुटेज में आरोपी के सिर पर टोपी नजर आ रही है। उसका हुलिया उदयपुर के तीतरड़ी स्थित नमो ज्वेलर्स में हुई चोरी की घटना के दौरान सामने आए आरोपी से मिलता-जुलता बताया जा रहा है।
अगले दिन उदयपुर में 3.25 लाख की ज्वेलरी पार
सलूंबर की दुकान से निकलने के अगले ही दिन आरोपी ने उदयपुर शहर में वारदात को अंजाम दिया। 17 सितंबर की सुबह करीब 10:32 बजे वह सवीना थाना क्षेत्र के तीतरड़ी स्थित नमो ज्वेलर्स पर ग्राहक बनकर पहुंचा।
सोने की बालियां दिखाने के बहाने दुकानदार को उलझाया
दुकान में पहुंचने के बाद आरोपी ने दुकानदार से सोने की बालियां दिखाने को कहा। वह लगातार अलग-अलग डिजाइन की बालियां देखने लगा और इसी दौरान बातचीत में दुकानदार का ध्यान भटकाने की कोशिश करता रहा।
आरोप है कि इसी दौरान उसने करीब 25 ग्राम वजन की सोने की बालियां चुरा लीं। इसके बाद वह करीब 10:43 बजे दुकान से निकल गया।
वजन कम लगा तो खुला चोरी का राज
आरोपी के जाने के बाद दुकानदार को ज्वेलरी के वजन में कमी महसूस हुई। शक होने पर उसने दुकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी।
CCTV फुटेज देखने पर आरोपी की पूरी गतिविधि सामने आ गई। इसके बाद दुकानदार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सवीना थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
सूचना मिलने के बाद सवीना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस उदयपुर और सलूंबर में सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

