Barmer News: खुली जेल से हत्या के मामले में उम्रकैद काट रहा कैदी फरार, सुबह की हाजिरी में मिला गायब
बाड़मेर की खुली जेल से हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी भावेश उर्फ बंटी फरार हो गया। 11 सितंबर की सुबह हाजिरी के दौरान उसके गायब मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी है।
Barmer Crime: राजस्थान के बाड़मेर की खुली जेल से हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी फरार हो गया। फरार कैदी की पहचान जोधपुर निवासी भावेश उर्फ बंटी के रूप में हुई है। जेल प्रशासन को उसके फरार होने का पता 11 सितंबर की सुबह नियमित हाजिरी के दौरान चला। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
सुबह की हाजिरी में गायब मिला कैदी
जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को सुबह करीब 6:30 बजे खुली जेल में कैदियों की हाजिरी ली गई। इस दौरान भावेश वहां मौजूद नहीं मिला। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
जेल प्रशासन के अनुसार, भावेश के हाजिरी में नहीं मिलने की जानकारी सुबह करीब 8 बजे ही उच्चाधिकारियों को दे दी गई थी।
चार घंटे बाद पुलिस को दी गई सूचना
भावेश के वापस लौटने का कुछ समय तक इंतजार किया गया। करीब 10:30 बजे तक उसके वापस नहीं आने पर जेल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जेल के उप अधीक्षक धीरज कुमार मीणा की ओर से स्थानीय थाने में कैदी के फरार होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
हत्या और आर्म्स एक्ट में काट रहा था उम्रकैद
जेल रिकॉर्ड के मुताबिक भावेश उर्फ बंटी हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में दोषी है। अदालत ने उसे आजीवन कारावास के साथ पांच साल की अतिरिक्त सजा और एक लाख रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई थी।
करीब एक साल पहले उसे जोधपुर जेल से बाड़मेर की खुली जेल में ट्रांसफर किया गया था। तभी से वह यहां सजा काट रहा था।
पुलिस ने बनाई विशेष टीमें
कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। एएसपी नितेश आर्य के अनुसार, पुलिस की टीमें बाड़मेर और जोधपुर में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
इसके अलावा आसपास के जिलों की पुलिस को भी फरार कैदी की पहचान और हुलिए से जुड़ी जानकारी भेजी गई है।
खुली जेल की व्यवस्था पर भी सवाल
घटना के बाद खुली जेल की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। खुली जेल में कैदियों को कुछ स्तर तक बाहर आने-जाने की छूट होती है, लेकिन निर्धारित नियमों के अनुसार उन्हें नियमित हाजिरी में उपस्थित होना जरूरी होता है।
भावेश के सुबह की हाजिरी में गायब मिलने के बाद उसकी तलाश और पुलिस को सूचना देने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठे हैं। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान फरार कैदी को जल्द पकड़ने पर है।

