Ajmer Cyber Crime: ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से 2 लाख की साइबर ठगी, सीकर के दो आरोपी गिरफ्तार

अजमेर साइबर थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से करीब 2 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में सीकर के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर ट्रांसपोर्ट कंपनी का संचालक बनकर ट्रक उपलब्ध कराने के नाम पर एडवांस रकम ठगने का आरोप है, जबकि पुलिस ने दो कारें भी जब्त की हैं।

Ajmer Cyber Crime: ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से 2 लाख की साइबर ठगी, सीकर के दो आरोपी गिरफ्तार

अजमेर साइबर थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से साइबर ठगी करने के मामले में सीकर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल की गई दो कारें भी जब्त की हैं। आरोपियों पर ट्रांसपोर्ट कंपनी का संचालक बनकर लोगों को झांसे में लेने और ट्रक उपलब्ध कराने के नाम पर एडवांस रकम ठगने का आरोप है।

ट्रक उपलब्ध कराने के नाम पर लिया 2 लाख का एडवांस

डीवाईएसपी शमशेर खान के मुताबिक, 18 अगस्त को कुछ अज्ञात कॉलर्स ने खुद को नागौर की सांवरिया ट्रांसपोर्ट कंपनी का संचालक बताया। आरोपियों ने परिवादी नारायण जाट से माल ढुलाई के लिए पावटा-कोटपूतली स्थित गणेश रोड लाइंस से ट्रक उपलब्ध करवाने की बात कही।

इसके बाद आरोपियों ने एडवांस राशि के नाम पर करीब 2 लाख रुपए एक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। आरोप है कि यह रकम वास्तविक ट्रांसपोर्ट संचालक को नहीं दी गई और बाद में अलग-अलग खातों के जरिए रकम निकाल ली गई।

साइबर पोर्टल से संदिग्ध खातों की पहचान

मामला दर्ज होने के बाद साइबर क्राइम थाना अजमेर की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 से मिली रिपोर्ट के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों की पहचान की। इसके बाद संबंधित बैंकों से बैंक स्टेटमेंट, अकाउंट ओपनिंग फॉर्म (AOF) और KYC से जुड़ी जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में कई अहम सुराग मिले।

सवारी बनकर पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस जांच में संदिग्धों की पहचान टैक्सी चालकों के रूप में हुई। इसके बाद हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल सोहनलाल ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

पुलिसकर्मियों ने सवारी बनकर टैक्सी चालकों से संपर्क किया। इसके बाद सीकर जिले के कल्याणपुरा गांव स्थित मीणों की ढाणी निवासी मनीष मीणा और अभिलाष मीणा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दिल्ली के साइबर ठगों से कनेक्शन की जांच

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। जांच में इनके संबंध दिल्ली में पहले गिरफ्तार किए गए चार साइबर आरोपियों से होने की आशंका सामने आई है।

दिल्ली निवासी विकास कुमार, अमृतराज, सूर्यांश और आसिफ को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पुलिस सीकर के दोनों आरोपियों और दिल्ली में पकड़े गए आरोपियों के बीच कनेक्शन की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि साइबर ठगी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।