Dholpur News: बारिश के पानी में डूबने से 3 साल की बच्ची की मौत, मां के पीछे घर से निकली थी मासूम
धौलपुर के निहालगंज इलाके में बारिश के पानी में डूबने से 3 साल की बच्ची की मौत हो गई। ओंडेला ताल इलाके में रास्ते में 3 से 4 फीट पानी भरा था, जहां पैर फिसलने के बाद बच्ची डूब गई। करीब आधे घंटे बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली।
धौलपुर के निहालगंज इलाके में बुधवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। रास्ते में भरे बारिश के पानी में डूबने से 3 साल की बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची अपनी मां के पीछे-पीछे घर से बाहर निकल गई थी, लेकिन मां को उसके पीछे आने की जानकारी नहीं थी।
रास्ते में भरा था 3 से 4 फीट पानी
पुलिस के अनुसार, ओंडेला ताल इलाके में सुबह करीब 9 बजे बच्ची की मां भैंस बांधने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान बच्ची भी उनके पीछे घर से निकल गई।
रास्ते में बारिश का पानी भरा हुआ था, जिसकी गहराई करीब 3 से 4 फीट बताई जा रही है। इसी दौरान बच्ची का पैर फिसल गया और वह पानी में गिरकर डूब गई।
आधे घंटे बाद परिजनों को मिली जानकारी
बच्ची के पानी में गिरने की जानकारी परिजनों को करीब आधे घंटे बाद हुई। इसके बाद परिवार के लोग और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मासूम का शव देखकर उसकी मां बेसुध हो गईं। वह अपनी बेटी को पुकारती रहीं। बताया गया कि बच्ची का एक बड़ा भाई भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

