SMS अस्पताल के ENT विभाग का अपग्रेड, मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने किया लोकार्पण

जयपुर के SMS अस्पताल के ENT विभाग में आधुनिक सुविधाओं के उन्नयन एवं विस्तार का लोकार्पण चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने किया

SMS अस्पताल के ENT विभाग का अपग्रेड, मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने किया लोकार्पण

SMS अस्पताल के ENT विभाग में आधुनिक सुविधाओं के उन्नयन एवं विस्तार का लोकार्पण चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने किया। इस अवसर पर मंत्री खींवसर ने कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य न केवल मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराते हैं, बल्कि यूजी एवं पीजी विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा को भी सुदृढ़ बनाते हैं।

मंत्री खींवसर ने कहा कि अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार प्रदेश की आम जनता को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयास राजस्थान को चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे

मरीजों की देखभाल महत्वपूर्ण- डॉ. सिंघल

ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. पवन सिंघल ने विभाग में हुए व्यापक सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि मरीजों की देखभाल, शिक्षण, स्टाफ सुदृढ़ीकरण  एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की गई है। उन्होंने बताया कि विभाग में अत्याधुनिक कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन थिएटर की स्थापना की गई है, जहां जटिल कान सर्जरी एवं श्रवण क्षमता बहाली से संबंधित ऑपरेशन किए जाएंगे। 800 वर्ग फीट क्षेत्र में 10 स्टेशनों वाला आधुनिक स्किल लैब स्थापित किया गया है, जहां रेजिडेंट डॉक्टरों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही, वर्टिगो जैसे रोगों के समग्र उपचार हेतु न्यूरो-ऑटोलॉजी लैब भी विकसित की गई है।

विभाग में ओपीडी एवं ओटी ब्लॉक का नवीनीकरण किया गया है। सियालोएंडोस्कोपी सेट सहित कई आधुनिक उपकरण जोड़े गए हैं। ऑडियोलॉजी सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए नए कक्ष, उन्नत मशीनें तथा 5 ऑडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की गई है।  इसके अतिरिक्त, 8 कक्षों वाला ऑडियोलॉजी विंग भी विकसित किया गया है। डॉ. सिंघल ने बताया कि विभाग में अनुशासन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कदम उठाए गए हैं, जिनके तहत दो ऑडियोलॉजिस्ट को कार्यमुक्त भी किया गया है। यह उन्नयन ईएनटी विभाग को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आधुनिक चिकित्सा सेवाओं एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। इस अवसर पर प्रिंसिपल कंट्रोलर डॉ. दीपक माहेश्वरी, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मृणाल जोशी, बड़ी संख्या में समाज सेवी, चिकित्सक एवं रेजिडेंट उपस्थित रहे।