बंगाल में वोटिंग या जंग? 142 सीटों पर बवाल !

142 सीटों पर वोटिंग जारी है, मगर हर कुछ दूरी पर तनाव, टकराव और डर की खबरें सामने आ रही हैं। नदिया में एक बीजेपी पोलिंग एजेंट पर हमला होता है—उसका सिर फट जाता है। आरोप सीधे टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लग रहे हैं। भांगर में दोनों दल आमने-सामने हैं और बूथ रणभूमि बन रहा है। उत्तर 24 परगना में उम्मीदवार के बूथ तक पहुंचने पर ही बवाल मच रहा है, वहीं दक्षिण 24 परगना के फाल्टा में बीजेपी उम्मीदवार की गाड़ी को निशाना बनाया जा रहा है—तोड़फोड़ की जा रही है। हुगली में “फर्जी एजेंट” के नाम पर आईएसएफ और टीएमसी समर्थक भिड़ रहे हैं, और बाली में हालात इतने बिगड़ रहे हैं कि पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ रहा है। इसी बीच ईवीएम पर टेप चिपकाने के आरोप सियासत को और भड़का रहे हैं। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी फाल्टा सीट पर दोबारा मतदान की मांग कर रहे हैं।तनाव, आरोप और टकराव के बीच एक सवाल लगातार उठ रहा है—क्या लोकतंत्र का ये पर्व डर के साए में मनाया जा रहा है? केंद्रीय बल और चुनाव आयोग हालात पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन सियासी जंग थमती नजर नहीं आ रही।