Jaipur News: सैनिटाइजर डालकर माचिस से लगाई आग, छठी कक्षा के छात्र के हाथ और शरीर झुलसे

जयपुर के कालवाड़ थाना क्षेत्र के संस्कृत स्कूल में लंच टाइम के दौरान दो छात्रों ने छठी कक्षा के छात्र के हाथों पर सैनिटाइजर डालकर माचिस से आग लगा दी। छात्र के हाथ और शरीर के कुछ हिस्से झुलस गए, जिसका निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

Jaipur News: सैनिटाइजर डालकर माचिस से लगाई आग, छठी कक्षा के छात्र के हाथ और शरीर झुलसे

जयपुर के कालवाड़ थाना क्षेत्र स्थित एक संस्कृत स्कूल में लंच टाइम के दौरान खेल-खेल में बड़ा हादसा हो गया। छठी कक्षा के कुछ छात्र आपस में खेल रहे थे। इसी दौरान दो छात्रों ने एक छात्र के दोनों हाथों पर सैनिटाइजर डालकर माचिस की तीली से आग लगा दी। देखते ही देखते छात्र के हाथ आग की लपटों से घिर गए।

हाथों में आग लगी तो घबरा गया छात्र

हाथों में आग लगने के बाद छात्र ने पहले दोनों हाथों को आपस में रगड़कर आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि आग कम होने के बजाय बढ़ गई। घबराए छात्र ने जलते हुए हाथ अपने कपड़ों पर रगड़ दिए, जिससे कपड़ों ने भी आग पकड़ ली।

साथियों ने शर्ट खोलकर बुझाई आग

छात्र के कपड़ों में आग लगते ही आसपास मौजूद अन्य छात्र उसकी मदद के लिए दौड़े। उन्होंने छात्र की शर्ट खोलकर किसी तरह आग बुझाई। हादसे में छात्र के हाथ और शरीर के कुछ हिस्से झुलस गए।

घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने झुलसे छात्र को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।

घटना की जांच में जुटा स्कूल प्रबंधन

हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। घटना में शामिल छात्रों से पूछताछ की जा रही है। स्कूल परिसर में सैनिटाइजर और माचिस का इस्तेमाल कर छात्र के साथ इस तरह की घटना कैसे हुई, इसे लेकर भी जांच की जा रही है।