Jaipur Re-Polling: वार्ड 62 के बूथ पर दोबारा होगी वोटिंग, 110 लोगों के वोट डालने पर चुनाव आयोग का फैसला
जयपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड 62 के बूथ पर 11 सितंबर का मतदान निरस्त कर दिया गया है। मतदाता सूची में नाम हटाने के बावजूद 110 लोगों के वोट डालने के बाद अब इसी बूथ पर 13 सितंबर को दोबारा मतदान कराया जाएगा।
जयपुर नगर निगम चुनाव में मतदान के बाद चुनाव आयोग ने वार्ड 62 के एक बूथ पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया है। बगरू विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 62 के भाग संख्या 23 के मतदान केंद्र राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कमरा नंबर-4, टीलावाला, सांगानेर पर 11 सितंबर को हुए मतदान को निरस्त कर दिया गया है। अब इस बूथ पर 13 सितंबर को फिर से वोटिंग कराई जाएगी।
110 मतदाताओं के वोट डालने पर रद्द हुआ मतदान
जानकारी के मुताबिक, इस मतदान केंद्र की मतदाता सूची में 110 लोगों के नाम विलोपन सूची में दर्ज थे, यानी इन मतदाताओं के नाम हटाए जाने थे। इसके बावजूद इन 110 लोगों ने 11 सितंबर को हुए मतदान में वोट डाल दिया।
मामला सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने बूथ पर हुए मतदान को निरस्त करने का निर्णय लिया। अब उसी मतदान केंद्र पर दोबारा मतदान कराया जाएगा।
पहले वोट डाल चुके लोगों को भी फिर मिलेगा मौका
दोबारा मतदान के दौरान पहले वोट डाल चुके मतदाताओं को भी मतदान प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। इसके लिए उनके बाएं हाथ की मध्यमा उंगली पर नई अमिट स्याही लगाई जाएगी।
चुनाव आयोग के फैसले के बाद बूथ पर दोबारा मतदान कराने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
वार्ड 62 में 13 प्रत्याशी मैदान में
जयपुर नगर निगम के वार्ड 62 में इस बार बहुकोणीय मुकाबला है। यहां BJP से रामअवतार शर्मा, कांग्रेस से हजारीलाल शर्मा, AAP से योगेश गोयल और RLP से नरेश कुमार चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा 9 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं।
इस तरह वार्ड 62 में कुल 13 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
14 सितंबर को आएंगे चुनाव परिणाम
राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराए गए। पहले चरण में 9 सितंबर को जयपुर जिले की अन्य नगर निकायों में मतदान हुआ, जबकि जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए 11 सितंबर को दूसरे चरण में वोटिंग हुई।
अब दोनों चरणों में इस्तेमाल हुई EVM को सुरक्षित रखा गया है। 14 सितंबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

