राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: 22 जिला परिषदों और 124 पंचायत समितियों में आज मतदान
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के दूसरे चरण में 22 जिला परिषदों और 124 पंचायत समितियों के 2,549 वार्डों में मतदान होगा। जानें जिलों, उम्मीदवारों और बाड़ेबंदी से जुड़ी पूरी जानकारी।
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए बुधवार को 22 जिलों में मतदान होगा। इस चरण में 22 जिला परिषदों के 352 वार्ड और 124 पंचायत समितियों के 2,197 वार्ड शामिल हैं। कुल 2,549 वार्डों में होने वाले चुनाव में करीब 1.06 करोड़ मतदाता 8,404 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान दल मंगलवार को अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना हो चुके हैं और मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
22 जिलों में होगा मतदान
दूसरे चरण में अजमेर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, दौसा, नागौर, पाली, सीकर, झुंझुनूं, जालोर, सिरोही, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, झालावाड़, करौली, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़ और राजसमंद में मतदान होगा।
जयपुर जिले में आमेर, जालसू, रामपुरा डाबरी, शाहपुरा और अमरसर पंचायत समितियों में चुनाव कराया जाएगा। इन क्षेत्रों में पंचायत समिति के 81 वार्डों और 112 ग्राम पंचायतों में भी चुनाव प्रक्रिया होगी।
8,404 उम्मीदवारों का भविष्य होगा तय
इस चरण में भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य दलों के प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। कई सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार भी मुकाबले में हैं। मतदान के बाद पंचायत समिति सदस्य प्रधान और जिला परिषद सदस्य जिला प्रमुख के चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस चरण में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के सदस्य भी चुनाव मैदान में हैं। उनकी पत्नी शांति देवी खर्रा और दोनों बेटे दुर्गा सिंह खर्रा तथा अजय सिंह खर्रा सहित अन्य प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य भी मतदान के बाद तय होगा।
वोटिंग खत्म होते ही शुरू हो सकती है बाड़ेबंदी
पंचायत चुनाव में मतदान के बाद राजनीतिक दल अपने समर्थित उम्मीदवारों को एकजुट रखने की तैयारी में जुट सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कई जगह भाजपा और कांग्रेस के नेता अपने-अपने समर्थक उम्मीदवारों को होटल और रिसॉर्ट में ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।
दरअसल, पंचायत समिति सदस्य प्रधान और जिला परिषद सदस्य जिला प्रमुख का चुनाव करते हैं। ऐसे में चुनाव परिणाम के बाद सदस्यों की भूमिका अहम हो जाती है और इसी वजह से बाड़ेबंदी की राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
11,799 मतदान दलों ने संभाली जिम्मेदारी
दूसरे चरण के मतदान के लिए 11,799 मतदान दलों को तैनात किया गया है। मतदान दल अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंच चुके हैं और मतदान प्रक्रिया की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ शनिवार को उप-सरपंच चुनाव के बाद मतदान दलों के लौटने की प्रक्रिया पूरी होगी।
मतदान के लिए इन दस्तावेजों का कर सकते हैं इस्तेमाल
मतदाता पहचान के लिए निर्धारित दस्तावेजों में आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, फोटोयुक्त बैंक या डाकघर पासबुक, आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट शामिल हैं।
इसके अलावा फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र या राज्य सरकार तथा सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों और विधायकों को जारी सरकारी पहचान पत्र और विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र भी मान्य दस्तावेजों की सूची में शामिल हैं।

