वनडे वर्ल्ड कप 10 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, जानें टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल
ICC ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। भारत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभियान शुरू करेगा, जबकि 10 अक्टूबर को पाकिस्तान से भिड़ेगा।
आईसीसी ने पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2027 के पूरे शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाला यह टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक खेला जाएगा। टूर्नामेंट का फाइनल 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में होगा।
10 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान आमने-सामने
वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में क्रिकेट फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। दोनों टीमें 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग में आमने-सामने होंगी। भारत को ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालीफायर-ए के साथ रखा गया है।
टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में करेगी। इसके बाद 10 अक्टूबर को पाकिस्तान से मुकाबला होगा। भारत 14 अक्टूबर को अफगानिस्तान, 17 अक्टूबर को क्वालीफायर-ए और 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेगा।
भारत का 2027 वर्ल्ड कप शेड्यूल
- - 7 अक्टूबर: भारत vs ऑस्ट्रेलिया — केपटाउन
- - 10 अक्टूबर: भारत vs पाकिस्तान — जोहान्सबर्ग
- - 14 अक्टूबर: भारत vs अफगानिस्तान — त्श्वाने
- - 17 अक्टूबर: भारत vs क्वालीफायर-ए — ब्लोमफोंटेन
- - 24 अक्टूबर: भारत vs जिम्बाब्वे — विक्टोरिया फॉल्स
14 टीमें लेंगी हिस्सा
2027 वनडे वर्ल्ड कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। ग्रुप स्टेज के लिए 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालीफायर-ए ग्रुप-ए में हैं।
ग्रुप-बी में न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश और क्वालीफायर-बी शामिल हैं। चार टीमों के स्थान क्वालीफायर के जरिए तय होंगे।
नया होगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
2027 वर्ल्ड कप में शुरुआत में तीन टीमों के बीच सुपर सीरीज होगी, जिसके जरिए ग्रुप स्टेज की आखिरी टीम तय होगी। इसके बाद 12 टीमें दो ग्रुप में खेलेंगी।
प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें और दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम सुपर-7 चरण में पहुंचेगी। सुपर-7 में कुल सात टीमें आगे खिताब की दौड़ में रहेंगी। इसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
21 नवंबर को होगा फाइनल
वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले 17 और 18 नवंबर को क्रमशः केपटाउन और त्श्वाने में खेले जाएंगे। इसके बाद खिताबी मुकाबला 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में होगा। जरूरत पड़ने पर फाइनल के लिए 22 नवंबर को रिजर्व डे रखा गया है।
टूर्नामेंट के मुकाबले दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के कुल 12 वेन्यू पर खेले जाएंगे और पूरे आयोजन में 57 मैच होंगे।

