ICC ने बदला वर्ल्ड कप का खेल, वनडे में पहली बार ‘सुपर-7’ और टी20 में ‘सुपर-10’ फॉर्मेट लागू
ICC ने वनडे और टी20 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बड़े बदलाव मंजूर किए। अब ODI में Super-7 और T20 में Super-10 स्टेज खेला जाएगा। जानें नए नियम।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अपनी वार्षिक बैठक में क्रिकेट के दो सबसे बड़े टूर्नामेंटों—वनडे वर्ल्ड कप और टी20 वर्ल्ड कप—के फॉर्मेट में बड़े बदलावों को मंजूरी दे दी है। नए नियमों के तहत अब दोनों टूर्नामेंट पहले से ज्यादा प्रतिस्पर्धी और रोमांचक नजर आएंगे।
वनडे वर्ल्ड कप में अब 14 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत ‘सुपर सीरीज’ से होगी, जिसमें आईसीसी रैंकिंग की 12वें, 13वें और 14वें स्थान की तीन टीमें राउंड-रॉबिन मुकाबले खेलेंगी। इन तीनों में से केवल एक टीम मुख्य प्रतियोगिता में जगह बना पाएगी।
इसके बाद मुख्य दौर में कुल 12 टीमें होंगी, जिन्हें छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। सभी टीमें अपने-अपने ग्रुप में राउंड-रॉबिन आधार पर मुकाबले खेलेंगी। ग्रुप चरण समाप्त होने के बाद पहली बार ‘सुपर-7’ स्टेज खेला जाएगा। इसमें दोनों ग्रुपों की शीर्ष तीन-तीन टीमें और दोनों ग्रुपों में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम शामिल होगी। इस तरह कुल सात टीमें सुपर-7 में पहुंचेंगी, जहां सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करेंगी।
सुपर-7 चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी, जबकि विजेता टीमें फाइनल में खिताब के लिए भिड़ेंगी।
वहीं, टी20 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब ‘सुपर-8’ की जगह ‘सुपर-10’ चरण खेला जाएगा। इसके साथ ही नॉकआउट चरण को और रोमांचक बनाने के लिए नए एलिमिनेटर मुकाबलों को भी शामिल किया गया है।
ICC का मानना है कि नए फॉर्मेट से टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, बड़े मुकाबलों की संख्या में इजाफा होगा और प्रशंसकों को पहले से अधिक रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।

