मंदिर में बना मतदान केंद्र, गांववालों ने खुद चुना सरपंच उम्मीदवार; जानिए राजस्थान के इस गांव की अनोखी पहल
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के गंधेर गांव में ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में मतदान केंद्र बनाकर सरपंच उम्मीदवार चुना। जानें कितने वोट पड़े और बालूलाल मीणा को कितने वोट मिले।
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में सरपंच उम्मीदवार चुनने का एक अनोखा तरीका चर्चा में है। गंधेर ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने आपसी सहमति से गांव का एक उम्मीदवार तय करने के लिए मंदिर परिसर में ही मतदान केंद्र बना लिया। गुरुवार को ग्रामीणों ने खुद वोटिंग कराई और इसके बाद मतगणना भी की। इस प्रक्रिया में बालूलाल मीणा को सबसे ज्यादा वोट मिले। हालांकि, यह ग्रामीणों की ओर से की गई आपसी चयन प्रक्रिया थी, न कि आधिकारिक पंचायत चुनाव की मतदान प्रक्रिया।
चार उम्मीदवारों के बीच बनी असमंजस की स्थिति
गंधेर ग्राम पंचायत में गंधेर, घासखेड़ा, सैलारपुरा खुर्द और सोडलपुर गांव शामिल हैं। गंधेर गांव से सरपंच पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में होने के कारण ग्रामीणों के सामने असमंजस की स्थिति बन गई थी।
ऐसे में गांववालों ने आपसी सहमति से तय किया कि सभी उम्मीदवारों में से किसी एक को समर्थन देकर गांव का साझा उम्मीदवार बनाया जाए। इसी फैसले के तहत गुरुवार को मंदिर परिसर में मतदान कराया गया।
जन आधार और राशन कार्ड के आधार पर डाले गए वोट
ग्रामीणों ने मतदान के लिए जन आधार कार्ड और राशन कार्ड को आधार बनाया। हर घर से एक व्यक्ति को वोट देने का निर्णय लिया गया। करीब 1200 मतदाताओं वाले गांव में कुल 510 वोट पड़े। इनमें 507 वोट वैध रहे, जबकि तीन वोट खारिज कर दिए गए।
मतदान केंद्र पर गांव के ही लोगों को पोलिंग एजेंट की जिम्मेदारी दी गई थी। वोटिंग के दौरान ग्रामीण कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मतदान पूरा होने के बाद गांववालों ने ही मतगणना की।
बालूलाल मीणा को मिले सबसे ज्यादा वोट
मतगणना में बालूलाल मीणा को सर्वाधिक वोट मिले। इसके बाद ग्रामीणों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस आपसी चयन प्रक्रिया के आधार पर बालूलाल मीणा को गांव का साझा सरपंच उम्मीदवार बनाने पर सहमति बनी।
जीत के बाद सरपंच ने सांवलिया सेठ को चढ़ाया चांदी का कटहल
इसी बीच प्रतापगढ़ जिले की ग्राम पंचायत करजू से जुड़ा एक और मामला चर्चा में है। यहां नवनिर्वाचित सरपंच मुकेश कुमार मीणा ने चुनाव में जीत के बाद अपनी मन्नत पूरी की। चुनाव से पहले उन्होंने सांवलिया सेठ के दरबार में मन्नत मांगी थी कि जीत मिलने पर पैदल यात्रा कर दर्शन करने आएंगे।
सरपंच मुकेश कुमार मीणा अपने परिवार, मित्रों और ग्रामीणों के साथ डीजे की धुन पर नाचते-गाते मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान को चांदी से बना कटहल भेंट किया। खास बात यह रही कि पंचायत चुनाव में मुकेश कुमार मीणा को कटहल चुनाव चिह्न मिला था। इसी चुनाव चिह्न को चांदी से तैयार करवाकर मंदिर में अर्पित किया गया।
अपने ही काका को हराकर बने सरपंच
करजू पंचायत के चुनाव में मुकेश कुमार मीणा का मुकाबला अपने ही काका और निवर्तमान सरपंच बंशीलाल मीणा से था। मुकेश ने उन्हें बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। उनके मित्रों और ग्रामीणों ने करीब 21 हजार रुपये की लागत से चांदी का कटहल तैयार करवाया था। मन्नत पूरी होने पर परिवार और ग्रामीणों ने मंदिर में दर्शन कर खुशहाली की कामना की।

