ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 20 घायल; SDRF का रेस्क्यू जारी

उत्तराखंड के टिहरी में गूलर के पास ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर यात्रियों से भरी बस पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में गिर गई। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हुए हैं।

ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 20 घायल; SDRF का रेस्क्यू जारी

उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। गूलर के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए। बस हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अब तक सभी 20 घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा जा चुका है।

सुबह 5:30 बजे गूलर के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, हादसा मुनि की रेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। पुलिस को डायल 112 के माध्यम से बस संख्या UK09PA9779 के पुल से नीचे गिरने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही मुनि की रेती थाने के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकियों से पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी बुलाया गया।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। कई यात्री बस में फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस और SDRF के जवानों को खाई में उतरकर रेस्क्यू करना पड़ा।

अब तक करीब 20 घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। मौके पर SDRF की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। फायर सर्विस के जवान भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

SDRF ने अतिरिक्त टीमें भी भेजीं

हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनि की रेती थाना प्रभारी मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।

बस में कितने यात्री सवार थे, जुटाई जा रही जानकारी

फिलहाल पुलिस और बचाव दल बस में सवार सभी यात्रियों की जानकारी जुटा रहे हैं। शुरुआती जानकारी में बस में 30 से 35 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है, हालांकि यात्रियों की वास्तविक संख्या की पुष्टि की जा रही है।

बस पुल से नीचे कैसे गिरी और हादसे की वजह क्या थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है। फिलहाल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।