जौहर यूनिवर्सिटी नोटिस पर सियासत तेज, अखिलेश ने पूछा- "RSS के अवैध भवनों पर कार्रवाई कब?"

रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी को बुलडोजर कार्रवाई का नोटिस मिलने के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। RSS पर भी बिना नाम लिए निशाना साधते हुए उन्होंने शिक्षा और कानून के मुद्दे पर सवाल उठाए।

जौहर यूनिवर्सिटी नोटिस पर सियासत तेज, अखिलेश ने पूछा- "RSS के अवैध भवनों पर कार्रवाई कब?"

उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी को अवैध निर्माण के आरोप में बुलडोजर कार्रवाई का नोटिस मिलने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिना नाम लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी टिप्पणी की।

अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने लिखा कि "बीजेपी को शिक्षा में भी साम्प्रदायिकता नजर आती है। शिक्षा, शिक्षक, शिक्षार्थी और शिक्षा के बाद मिलने वाली नौकरी बीजेपी के एजेंडे में है ही नहीं।"

उन्होंने आगे लिखा, "बीजेपी अपने अपंजीकृत संगी-साथियों के अवैधानिक भवनों को कब ढहाएगी? जब संगी-साथी ही अपंजीकृत हैं, तो उनके भवन, कार्यालय और संस्थान कैसे वैध हो सकते हैं? यह निंदनीय है।"

सपा प्रवक्ता ने भी उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि उत्तर प्रदेश के प्रमुख विश्वविद्यालयों—लखनऊ विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और KGMU—का नक्शा किस आधार पर पास हुआ, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान का नाम सामने आते ही सरकार को सभी नियम-कानून याद आ जाते हैं, क्योंकि चुनाव नजदीक हैं।

क्या है जौहर यूनिवर्सिटी का मामला?

15 जुलाई को रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में बने निर्माणों को अवैध बताते हुए उन्हें ध्वस्त करने का नोटिस जारी किया। यूनिवर्सिटी प्रशासन को अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद डॉ. तजीन फातिमा ने कहा कि उन्हें नोटिस मिल चुका है और जवाब देने के लिए 15 दिनों की अवधि दी गई है। फिलहाल यूनिवर्सिटी प्रशासन इस मामले में अपना जवाब तैयार कर रहा है।