राजस्थान के पुलिस थानों में सफाई की होगी परीक्षा: ड्रोन से पहले और बाद की तस्वीरें, हर महीने सर्वश्रेष्ठ थाने को मिलेगा पुरस्कार
राजस्थान के पुलिस थानों में सफाई का आकलन अब ड्रोन से होगा। अभियान से पहले और बाद की तस्वीरों की तुलना की जाएगी। जानें पुरस्कार और पूरी व्यवस्था।
राजस्थान के पुलिस थानों में अब साफ-सफाई के काम का आकलन ड्रोन से ली गई तस्वीरों और वीडियो के आधार पर भी किया जाएगा। प्रदेश के सभी पुलिस थानों में 31 अक्टूबर तक 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान थाना परिसर से लेकर मालखानों, पुलिस बैरकों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कराई जाएगी।
अभियान की खास बात यह है कि सफाई शुरू होने से पहले और काम पूरा होने के बाद ड्रोन से फोटो और वीडियोग्राफी कराई जाएगी। दोनों की तुलना कर देखा जाएगा कि थानों की स्थिति में कितना सुधार हुआ है।
इसके साथ ही स्वच्छता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस थानों को जिला, रेंज और पुलिस मुख्यालय स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। पखवाड़ा समाप्त होने के बाद भी हर महीने सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने का चयन कर पुरस्कार दिया जाएगा।
ड्रोन से रिकॉर्ड होगी सफाई से पहले और बाद की स्थिति
पुलिस थानों में स्वच्छता अभियान शुरू करने से पहले ड्रोन के जरिए फोटो और वीडियो बनाए जाएंगे। इन्हें पुलिस मुख्यालय भेजना होगा। इसके बाद पखवाड़े के दौरान थाना परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कराई जाएगी। अभियान के तहत किए गए कार्य पूरे होने के बाद दोबारा ड्रोन से फोटो और वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इससे पहले और बाद की स्थिति की तुलना कर स्वच्छता कार्यों की प्रगति का आकलन किया जा सकेगा।
मालखानों और जब्त वाहनों के निस्तारण पर भी जोर
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सभी पुलिस थानों के मालखानों में रखी सामग्री और जब्त वाहनों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पुलिस थानों की बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार पर भी ध्यान दिया जाएगा। थानों में आमजन के अनुकूल स्वागत कक्ष तैयार करने, डिजिटल इंफॉर्मेशन बोर्ड लगाने, पुलिस बैरकों की सफाई और थाना परिसर में रंग-रोगन जैसे कार्य कराए जाएंगे।
हर महीने चुना जाएगा सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना
स्वच्छता अभियान केवल 31 अक्टूबर तक सीमित नहीं रहेगा। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार, पखवाड़ा समाप्त होने के बाद भी हर महीने स्वच्छता के आधार पर सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने का चयन किया जाएगा। इसका उद्देश्य साफ-सफाई को पुलिस थानों की नियमित कार्यशैली का हिस्सा बनाना है।
तीन स्तरों पर मिलेंगे पुरस्कार
स्वच्छता में बेहतर काम करने वाले पुलिस थानों को तीन स्तरों पर सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर: जिला पुलिस अधीक्षक अपने जिले के सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने का चयन कर उसे पुरस्कृत करेंगे। रेंज स्तर: पुलिस महानिरीक्षक अपनी रेंज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस थाने का चयन करेंगे। राज्य स्तर: पुलिस मुख्यालय प्रदेश स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने को सम्मानित करेगा।
केंद्रीय गृह सचिव की बैठक के बाद डीजीपी ने दिए निर्देश
शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक के बाद डीजीपी ने प्रदेश के पुलिस अधिकारियों को 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़े को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिस रेंज के महानिरीक्षकों, पुलिस आयुक्तों, जिला पुलिस अधीक्षकों और डीसीपी को अपने-अपने क्षेत्र के पुलिस थानों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया। बैठक में उप महानिरीक्षक पुलिस कुंवर राष्ट्रदीप, आलोक श्रीवास्तव सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस मुख्यालय की इस पहल के तहत थानों में स्वच्छता के साथ बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।

