“पाकिस्तान के साथ हैं हम”, मदन राठौड़ के बयान पर विवाद, सफाई में बोले - मेरी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया
राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए क्रिकेट वाले बयान पर विवाद बढ़ गया है। जानिए उन्होंने क्या कहा और बाद में क्या सफाई दी।
राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए एक बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। राठौड़ ने कहा कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच होता है तो वे पाकिस्तान का समर्थन करेंगे, क्योंकि पाकिस्तान भारत का पड़ोसी देश है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारत-पाकिस्तान के मैच में भारत की हार पर पटाखे फोड़ने वालों को देशभक्त नहीं कहा जा सकता। राठौड़ ने यह बयान जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित सेमिनार के दौरान दिया था। बयान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद मदन राठौड़ ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है।
'अमेरिका और पाकिस्तान का मैच हो तो हम पाकिस्तान के साथ'
सेमिनार में मदन राठौड़ ने क्रिकेट मैच का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हो और दुर्भाग्य से भारत हार जाए, तो उस मौके पर पटाखे फोड़ने वालों को देशभक्त नहीं कहा जा सकता। इसके बाद उन्होंने कहा, “अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मैच हो तो हम पाकिस्तान के साथ हैं, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है।” उनके इसी बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। हालांकि राठौड़ ने बाद में कहा कि उनके बयान को पूरे संदर्भ में समझने के बजाय तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।
'कांग्रेस मुस्लिम भाइयों को आरएसएस के नाम पर डराती है'
कार्यक्रम के दौरान मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग मुस्लिम समाज को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नाम पर डराते हैं। राठौड़ ने कहा, “यह कांग्रेस वाले मुस्लिम भाइयों को डराते हैं कि आरएसएस वाले तुमको खा जाएंगे।” इसके बाद उन्होंने आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के विचारों का उल्लेख किया। राठौड़ के अनुसार, मोहन भागवत का कहना है कि कोई भी व्यक्ति अपनी धार्मिक पद्धति के अनुसार धर्म का पालन कर सकता है, लेकिन सबसे पहले देश के प्रति निष्ठा और देशभक्ति जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रति निष्ठा रखने वाला प्रत्येक राष्ट्रभक्त नागरिक हमारा भाई है और सभी को मिलकर रहना चाहिए। राठौड़ ने सवाल उठाया कि जब आरएसएस प्रमुख इस तरह की बात कह चुके हैं तो कांग्रेस मुस्लिम समाज को क्यों डरा रही है।
मुस्लिम समाज से बोले - खुद पर किसी की छाप मत लगने दो
मदन राठौड़ ने मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि वे खुद को किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित न रखें। उन्होंने कहा, “मैं मुस्लिम भाइयों को कहना चाहता हूं कि खुद पर किसी की छाप मत लगने दो। जो अच्छा काम करे, उसे शाबाशी दो। खातेदार मत बनो, रोकड़िया बनो।” राठौड़ ने कहा कि राजनीतिक दलों को जब यह भरोसा हो जाता है कि किसी समाज के लोग हमेशा उन्हीं का समर्थन करेंगे, तो वे उनकी चिंता करना कम कर देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में मुस्लिम समाज के लोगों की संख्या कम होने के बावजूद पार्टी ने अल्पसंख्यक मोर्चे के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती को स्टार प्रचारक बनाया।
'देश के हर नागरिक का विकास हमारी प्राथमिकता'
मदन राठौड़ ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक का विकास होना चाहिए और यही भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने मुस्लिम समाज से किसी राजनीतिक दल की स्थायी पहचान के बजाय काम और नीतियों के आधार पर समर्थन करने की अपील की। पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर विवाद के बाद राठौड़ ने दोहराया कि उनकी बात को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है।

