बगरू में विकास के दावों पर गंदगी का तमाचा! कचरे के ढेर और बदबू से परेशान लोग, शिकायतों के बाद भी नहीं जागा प्रशासन

जयपुर की बगरू विधानसभा के सांव की बगीची बालाजी क्षेत्र में कचरे का अंबार, गंदा पानी और जाम नालियों से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही के आरोप लगाए।

बगरू में विकास के दावों पर गंदगी का तमाचा! कचरे के ढेर और बदबू से परेशान लोग, शिकायतों के बाद भी नहीं जागा प्रशासन

सांव की बगीची बालाजी के पास कचरे का अंबार, नालियां जाम, सड़क पर बह रहा गंदा पानी; स्थानीय लोगों ने उठाए जनप्रतिनिधियों पर सवाल

जयपुर जिले की बगरू विधानसभा में विकास के बड़े-बड़े दावों की हकीकत सड़क पर बिखरे कचरे और बदहाल सफाई व्यवस्था के रूप में साफ दिखाई दे रही है। सांव की बगीची बालाजी के पास कई दिनों से कचरे का अंबार लगा हुआ है। सड़क किनारे फैली गंदगी, नालियों में जमा गंदा पानी और चारों ओर पसरी बदबू स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार नगर निकाय और संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। तस्वीरों में साफ दिखाई देता है कि सड़क किनारे कचरे के ढेर लगे हैं, गंदा पानी बह रहा है और आवारा गाय-बैल उसी कचरे में पॉलिथीन व अन्य अपशिष्ट खाने को मजबूर हैं। इससे न केवल पशुओं की जान पर खतरा मंडरा रहा है, बल्कि क्षेत्र में बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।


स्थानीय निवासी लक्की छीपा ने बताया कि गंदगी और जलभराव के कारण वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक नालियों की सफाई नहीं कराई गई है और पानी निकासी की कोई ठोस व्यवस्था भी नहीं की गई। ऐसे में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।


वहीं, स्थानीय लोग जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि विकास के दावे सोशल मीडिया तक तो खूब दिखाई देते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था की हालत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदारों का ध्यान प्रचार पर ज्यादा और आम जनता की बुनियादी समस्याओं पर कम है।

अब सवाल यह है कि जब शिकायतों के बावजूद कचरा नहीं उठ रहा, नालियां साफ नहीं हो रहीं और सड़कें गंदगी से अटी पड़ी हैं, तो आखिर जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या प्रशासन और जनप्रतिनिधि केवल दावों तक ही सीमित रहेंगे या बगरू के लोगों को भी साफ-सुथरा और सुरक्षित माहौल मिलेगा?


देश-दुनिया की हर बड़ी और ताजा खबर सबसे पहले पाने के लिए जुड़े रहिए PK TIMES के साथ। हमारी टीम हर पल आपको सटीक, तेज और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए तैयार है। राजनीति से लेकर जन सरोकार सहित हर महत्वपूर्ण अपडेट अब एक ही प्लेटफॉर्म पर। PK TIMES ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड करें और कहीं भी,कभी भी खबरों से अपडेट रहें।