जयपुर की NIMS यूनिवर्सिटी में दो दिन में दो छात्रों की मौत, हॉस्टल में फंदे से लटका मिला 20 वर्षीय छात्र
जयपुर की NIMS यूनिवर्सिटी में दो दिन के भीतर दो छात्रों की मौत से हड़कंप मच गया। 20 वर्षीय मोहित सैनी हॉस्टल कमरे में मृत मिला, जबकि एक दिन पहले 18 वर्षीय आदित्य तिवारी की मौत हुई थी।
जयपुर की NIMS यूनिवर्सिटी में दो दिन के भीतर दो छात्रों की मौत का मामला सामने आया है। ताजा घटना में 20 वर्षीय छात्र मोहित सैनी हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। मोहित उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला था और NIMS यूनिवर्सिटी में CPT सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, हॉस्टल के कमरे से बदबू आने पर अन्य छात्रों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कमरा खुलवाने पर छात्र का शव मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि उसकी मौत एक-दो दिन पहले हुई होगी। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
इससे एक दिन पहले 25 अगस्त को B.Tech प्रथम वर्ष के 18 वर्षीय छात्र आदित्य तिवारी ने हॉस्टल की 15वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। आदित्य भी उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला था।
दोनों घटनाओं में आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। लगातार दो दिनों में दो छात्रों की मौत से NIMS यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

