राजा भैया ने खोले चुनावी पत्ते, पहली सूची में तीन उम्मीदवारों के नाम का ऐलान
UP Election 2027 के लिए राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने पहली सूची जारी की। कुंडा से राजा भैया, बाबागंज से विनोद सरोज और विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को टिकट मिला।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने प्रतापगढ़ जिले की तीन विधानसभा सीटों कुंडा, बाबागंज और विश्वनाथगंज के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। इस सूची में सबसे चर्चित नाम पार्टी अध्यक्ष राजा भैया का है, जो एक बार फिर कुंडा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
कुंडा से राजा भैया और बाबागंज से विनोद सरोज को टिकट
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र संख्या 246 कुंडा से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं, विधानसभा क्षेत्र संख्या 245 बाबागंज से विनोद सरोज को उम्मीदवार बनाया गया है। दोनों विधानसभा सीटें प्रतापगढ़ जिले में स्थित हैं।
विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल पर जताया भरोसा
पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र संख्या 247 विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। कुलदीप पटेल, प्रतापगढ़ की जिला पंचायत अध्यक्ष माधुरी पटेल के पति हैं। इस सीट पर क्षत्रिय मतदाताओं की अच्छी संख्या मानी जाती है। ऐसे में यहां पटेल उम्मीदवार को टिकट देने के फैसले को पार्टी की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
UP Election 2027 से पहले प्रतापगढ़ में बढ़ी सियासी हलचल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की पहली सूची जारी होने के बाद प्रतापगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने फिलहाल जिले की तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। खासतौर पर विश्वनाथगंज सीट से कुलदीप पटेल को टिकट दिए जाने के बाद स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं बढ़ सकती हैं।
इससे पहले समाजवादी पार्टी भी अपने उम्मीदवारों और चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय नजर आ रही है। अब राजा भैया की पार्टी ने भी तीन सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर चुनावी मुकाबले के लिए अपनी तैयारी का संकेत दे दिया है।

