खेलो इंडिया संवाद में कॉमनवेल्थ पदक विजेता यशवीर सिंह ने युवाओं को किया प्रेरित

जयपुर के सुबोध कॉलेज में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से संवाद किया, जबकि कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 पदक विजेता यशवीर सिंह ने खेल अनुभव साझा किए।

खेलो इंडिया संवाद में कॉमनवेल्थ पदक विजेता यशवीर सिंह ने युवाओं को किया प्रेरित

देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से ‘खेलो इंडिया संवाद’ का राष्ट्रव्यापी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से युवा खिलाड़ियों, स्वयंसेवकों और खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से युवाओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं को खेलों को केवल प्रतियोगिता या पाठ्यक्रम से जुड़ी गतिविधि के रूप में नहीं, बल्कि दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने खेलों को स्वस्थ जीवन, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

सुबोध कॉलेज में यशवीर सिंह ने साझा किए अनुभव

जयपुर के सुबोध कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के पदक विजेता यशवीर सिंह ने सहभागिता की। उन्होंने युवाओं के साथ अपने खेल जीवन और सफलता से जुड़े अनुभव साझा किए।

यशवीर सिंह ने युवाओं से कहा कि खेलों में सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन, धैर्य और नियमित अभ्यास बेहद जरूरी है। निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से खिलाड़ी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

रेलवे की खेल सुविधाओं के लिए जताया आभार

यशवीर सिंह ने अपनी खेल यात्रा में रेलवे से मिले सहयोग और सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने वाली रेलवे की योजनाओं और उपलब्ध कराए जा रहे खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आभार जताया।

उन्होंने सरकार की ओर से खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही कोचिंग, प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं और प्रोत्साहन योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह का सहयोग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करता है।

सांसद मंजू शर्मा और राव राजेंद्र सिंह भी रहे मौजूद

खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम में जयपुर सांसद मंजू शर्मा और जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह सहित खेल जगत से जुड़े युवा और अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, फिटनेस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। खेलो इंडिया संवाद जैसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा पहचानने और उसे आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ देश में खेलों को जन-आंदोलन के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।