RGHS को लेकर राजस्थान सरकार का बड़ा एक्शन, 215 प्राइवेट फार्मेसियों का TMS अस्थायी रूप से बंद

राजस्थान में RGHS के तहत काम करने वाली 215 निजी फार्मेसियों का TMS अस्थायी रूप से बंद किया गया। जयपुर में सबसे ज्यादा 39 फार्मेसियों पर कार्रवाई हुई।

RGHS को लेकर राजस्थान सरकार का बड़ा एक्शन, 215 प्राइवेट फार्मेसियों का TMS अस्थायी रूप से बंद

राजस्थान सरकार ने राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) के तहत काम करने वाली 215 निजी फार्मेसियों पर बड़ी कार्रवाई की है। लाभार्थियों को समय पर दवाइयां उपलब्ध नहीं कराने और करीब दो महीने से योजना के तहत काम नहीं करने के चलते इन फार्मेसियों का TMS अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, लंबे समय से दवा उपलब्ध नहीं कराने वाली फार्मेसियों को स्पष्टीकरण देने का मौका दिया गया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं देने पर यह कार्रवाई की गई।

जयपुर में सबसे ज्यादा कार्रवाई

जयपुर में सबसे ज्यादा 39 फार्मेसियों का TMS बंद किया गया है। इसके अलावा अलवर और सीकर में 20-20, भरतपुर, चूरू और दौसा में 10-10 फार्मेसियों पर कार्रवाई हुई है। प्रदेश के कई अन्य जिलों के साथ दिल्ली और गुरुग्राम की एक-एक फार्मेसी भी कार्रवाई के दायरे में आई है।

अधिकारियों का कहना है कि RGHS का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को समय पर जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराना है। दवा वितरण में लापरवाही या अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जा रहा है। संबंधित फार्मेसियों के स्पष्टीकरण और रिकॉर्ड की जांच के बाद आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।