जयपुर में डेटिंग ऐप पर दोस्ती के बाद कॉलेज छात्र से 1.50 लाख की वसूली, बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल का आरोप

डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती के बाद कॉलेज छात्र से करीब 1.50 लाख रुपये ऐंठने और ब्लैकमेल करने का आरोप। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जयपुर में डेटिंग ऐप पर दोस्ती के बाद कॉलेज छात्र से 1.50 लाख की वसूली, बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल का आरोप

जयपुर: राजधानी जयपुर में डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती के बाद एक कॉलेज छात्र से करीब 1.50 लाख रुपए ऐंठने और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि डेटिंग ऐप पर हुई पहचान के बाद आरोपी ने छात्र से मुलाकात की और बाद में उसे बदनाम करने की धमकी देकर पैसे वसूले। पीड़ित छात्र ने शिवदासपुरा थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश का रहने वाला 26 वर्षीय छात्र जयपुर के एक कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है और हॉस्टल में रहता है। इसी दौरान उसकी एक डेटिंग ऐप के जरिए अर्जुन नाम के युवक से पहचान हुई। दोनों के बीच बातचीत होने के बाद 22 अगस्त को मुलाकात हुई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी छात्र के हॉस्टल पहुंचा और उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के बाद उससे पेटीएम के जरिए करीब 1 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए गए।

पीड़ित छात्र के अनुसार, आरोपी ने उसकी निजी पहचान और ‘गे’ होने की बात कॉलेज, हॉस्टल और परिवार के लोगों को बताकर बदनाम करने की धमकी दी। आरोप है कि इसी बात को छिपाने के एवज में उससे लगातार पैसों की मांग की गई। 30 अगस्त को भी आरोपी ने छात्र से पैसे मांगे। इस दौरान मारपीट कर 40 हजार रुपए नकद लेने और 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाने का आरोप है।

इसके बाद 31 अगस्त को भी छात्र से 50 हजार रुपए की और मांग किए जाने का आरोप सामने आया है। लगातार पैसों की मांग और बदनामी की धमकी से परेशान होकर छात्र ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर शिवदासपुरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। डेटिंग ऐप पर हुई बातचीत, पैसों के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और आरोपी की ओर से कथित तौर पर दी गई धमकियों से जुड़े साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटनाक्रम और आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी