जयपुर में आज शोभायात्रा, परकोटा रहेगा हाई अलर्ट पर; शाम 4 बजे से पार्किंग बंद, कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट
जयपुर में जन्माष्टमी पर शनिवार शाम 4:30 बजे गोविंद देवजी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकलेगी। इसे देखते हुए परकोटे में पार्किंग, ई-रिक्शा और सिटी बसों की आवाजाही पर रोक के साथ कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
जयपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 4:30 बजे गोविंद देवजी मंदिर से शुरू होने वाली यह शोभायात्रा पुराने शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होते हुए गोपीनाथजी मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने परकोटे में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।
शाम 4 बजे से कई बाजारों में पार्किंग बंद
यातायात पुलिस के अनुसार शोभायात्रा के चलते शाम 4 बजे से हवामहल बाजार, जौहरी बाजार, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, चांदपोल बाजार और बगरूवालों के रास्ते में पार्किंग पर रोक रहेगी। वहीं शोभायात्रा रवाना होने तक गोविंद देवजी मंदिर और जलेबी चौक की तरफ सामान्य यातायात भी बंद रहेगा।
कहां से होकर गुजरेगी शोभायात्रा?
शोभायात्रा शाम 4:30 बजे गोविंद देवजी मंदिर परिसर से रवाना होगी। इसके बाद जलेबी चौक, बान्दरवाल गेट, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, न्यू गेट चौराहा, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़ और चांदपोल बाजार होते हुए गोपीनाथजी मंदिर पहुंचेगी।
ई-रिक्शा और सिटी बसों पर भी रोक
यातायात व्यवस्था के तहत परकोटा क्षेत्र में ई-रिक्शा, ई-ऑटो और ऑटो रिक्शा की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा जेसीटीएसएल और सिटी बसें भी परकोटा क्षेत्र में नहीं चलेंगी। गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे से मिनर्वा तक एमआई रोड, अशोक मार्ग से यादगार तक और रामनिवास बाग के अंदर हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।
एमआई रोड पर भी बदल सकता है रूट
एमआई रोड पर यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में बसों को डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि एंबुलेंस और अन्य अतिआवश्यक सेवाओं को यातायात प्रतिबंधों से छूट रहेगी।
इन रास्तों पर खास सावधानी
शोभायात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, उससे जुड़े मार्गों पर यातायात को चरणबद्ध तरीके से रोका और डायवर्ट किया जाएगा। बान्दरवाल गेट की ओर यात्रा पहुंचने से पहले सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ आने वाले वाहनों को चार दरवाजा की तरफ भेजा जाएगा। वहीं बड़ी चौपड़ से सुभाष चौक जाने वाले वाहनों को रामगंज चौपड़ और त्रिपोलिया की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
बापू बाजार में शोभायात्रा के प्रवेश से पहले न्यूगेट से बापू बाजार की ओर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। न्यूगेट पहुंचने से पहले रामनिवास बाग चौराहा, नेहरू बाजार और त्रिपोलिया टी-पॉइंट से चौड़ा रास्ता की तरफ जाने वाला यातायात भी रोका जाएगा।
छोटी चौपड़ और चांदपोल पर भी रूट बंद
शोभायात्रा के छोटी चौपड़ पहुंचने से पहले अजमेरी गेट, चौगान चौराहा और संजय सर्किल से आने वाले वाहनों को चौड़ा रास्ता की ओर जाने से रोका जाएगा। वहीं चांदपोल बाजार में शोभायात्रा के पहुंचने के दौरान बगरूवालों के रास्ते में यातायात बंद रहेगा।
आज परकोटे में जाने से पहले रूट चेक करें
जन्माष्टमी शोभायात्रा के दौरान पुराने शहर के प्रमुख बाजारों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए बेहतर होगा कि वे परकोटे के प्रमुख मार्गों से गुजरने से पहले वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और पार्किंग प्रतिबंधों का ध्यान रखें।

