भाजपा के जितेंद्र मीणा बने प्रधान, कांग्रेस प्रत्याशी को 7 वोट मिले

डूंगरपुर की साबला पंचायत समिति में भाजपा के जितेंद्र मीणा प्रधान बने। उन्होंने काका नारायणलाल मीणा को तीन वोटों से हराया।

भाजपा के जितेंद्र मीणा बने प्रधान, कांग्रेस प्रत्याशी को 7 वोट मिले

डूंगरपुर के साबला पंचायत समिति में प्रधान इलेक्शन रिजल्ट में भाजपा के जितेंद्र मीणा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी नारायणलाल मीणा को तीन वोटों से हराया। जितेंद्र मीणा को 10 वोट मिले, जबकि नारायणलाल मीणा के खाते में 7 मत आए। इस मुकाबले की खास बात यह रही कि चुनाव काका-भतीजे के बीच हुआ।

काका-भतीजे के बीच हुआ मुकाबला

साबला पंचायत समिति में शुक्रवार सुबह 11 बजे प्रधान पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा के छोटे भाई नारायणलाल मीणा ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, भाजपा प्रत्याशी के रूप में गोपीचंद मीणा के बेटे जितेंद्र मीणा ने निर्वाचन अधिकारी आकाश रंजन शर्मा के समक्ष पर्चा भरा।

भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की ओर से प्रधान पद के लिए कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा गया। दोपहर 3 बजे मतदान शुरू हुआ, जिसमें पंचायत समिति के कुल 17 सदस्यों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

जितेंद्र मीणा को मिले 10 वोट

मतगणना में भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र मीणा को 10 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के नारायणलाल मीणा को 7 मत प्राप्त हुए। इस तरह जितेंद्र मीणा ने तीन वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

चुनाव से पहले भाजपा के पास 9 सदस्यों का समर्थन बताया जा रहा था, लेकिन परिणाम में जितेंद्र मीणा को 10 वोट मिले। वहीं, खबर के मुताबिक BAP के तीनों सदस्यों ने कांग्रेस के समर्थन में मतदान किया। इसके बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी को केवल 7 वोट मिले। ऐसे में एक सदस्य की क्रॉस वोटिंग की चर्चा रही।

दूसरी बार भाजपा के पास आई प्रधान की कुर्सी

इस जीत के साथ साबला पंचायत समिति में दूसरी बार भाजपा ने प्रधान पद पर कब्जा किया है। काका-भतीजे के बीच हुए इस चुनाव में पारिवारिक रिश्तों के साथ स्थानीय राजनीतिक समीकरण भी चर्चा में रहे।

चुनाव के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा, बेणेश्वर मंडल अध्यक्ष जयेश शर्मा, कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, रूपशंकर त्रिवेदी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।