अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले CM योगी की शर्त, बोले- रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए मांगें माफी
अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या दौरे से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले माफी मांगकर आएं। जानें दीपोत्सव के मंच से उन्होंने क्या कहा।
अयोध्या में दीपोत्सव के भव्य आयोजन के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं, वे अयोध्या आएं, लेकिन माफी मांगकर आएं। मुख्यमंत्री का यह बयान अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे की घोषणा के बाद सामने आया है।
'रामभक्तों पर गोली चलाने वाले माफी मांगकर आएं'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के मंच से कहा कि जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, उन्हें अयोध्या आने से पहले माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब अयोध्या कभी कर्फ्यू के दायरे में नहीं आएगी। यहां कोई दंगा-फसाद करने का साहस नहीं कर पाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या को अब कोई उपेक्षित नहीं कर सकेगा। यहां के संतों का अपमान करने या रामभक्तों पर गोली चलाने का दुस्साहस भी कोई नहीं कर पाएगा।
दीपोत्सव के मंच से दिया नए अयोध्या का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दीपोत्सव के मंच से अयोध्या की बदली हुई तस्वीर और नए संदेश को दुनिया के सामने रखने आए हैं। उन्होंने दीपोत्सव के सफर का जिक्र करते हुए बताया कि एक लाख 71 हजार दीयों से शुरू हुआ यह आयोजन अब 30 लाख दीयों की सीमा पार कर चुका है।
उन्होंने प्रभु श्रीराम से अयोध्या और पूरे उत्तर प्रदेश पर कृपा बनाए रखने की कामना की। साथ ही प्रदेशवासियों से राम नाम का स्मरण और जप करते हुए रामराज्य की अवधारणा को साकार करने में योगदान देने की अपील की।
12 दिसंबर को अयोध्या आएंगे अखिलेश यादव
दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या आने वाले हैं। इस दौरान वह हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। उनके कार्यक्रम की जानकारी पूर्व मंत्री और सपा नेता तेजनारायण पांडेय पवन ने दीपोत्सव के मुख्य आयोजन के दिन दी।
अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे में राम मंदिर में रामलला के दर्शन भी शामिल हैं। इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आती रही हैं। ऐसे में दीपोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री योगी का बयान सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में अयोध्या दौरे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

