नेपाल बाढ़ के बाद 288 भारतीय लापता, अब तक 21 का रेस्क्यू; चीन में भी फंसे तीर्थयात्री

नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद 288 भारतीय नागरिक लापता हैं। 21 भारतीयों को रेस्क्यू किया गया है। भारत ने नेपाल के लिए 47.5 टन राहत सामग्री और दवाइयां भेजी हैं।

नेपाल बाढ़ के बाद 288 भारतीय लापता, अब तक 21 का रेस्क्यू; चीन में भी फंसे तीर्थयात्री

नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद 288 भारतीय नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को बताया कि अब तक 21 भारतीयों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। लापता लोगों की तलाश के लिए नेपाल में लगातार राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, लापता भारतीयों में कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए श्रद्धालु, पावर प्रोजेक्ट में काम करने वाले कर्मचारी और अलग-अलग राज्यों के पर्यटक शामिल हैं। वहीं, चीन की तरफ भी करीब 200 भारतीय नागरिकों ने मदद मांगी है, जिनके रेस्क्यू के लिए बीजिंग स्थित भारतीय मिशन स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहा है।

भारत ने भेजी 47.5 टन राहत सामग्री

भारत ने नेपाल की मदद के लिए दो विमानों से करीब 47.5 टन राहत सामग्री भेजी है। इनमें करीब 8 टन दवाइयां भी शामिल हैं। इसके अलावा भारत बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य को आसान बनाने के लिए बेली ब्रिज तैयार करने में भी मदद कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने काठमांडू और बीजिंग स्थित भारतीय दूतावासों में 24 घंटे हेल्पलाइन शुरू की है। साथ ही विदेश मंत्रालय में भी 24/7 कंट्रोल रूम बनाया गया है। भारत सरकार प्रभावित भारतीय नागरिकों के रेस्क्यू के लिए राज्य सरकारों और गृह मंत्रालय के साथ लगातार समन्वय कर रही है।