निकिता डूडी और कांग्रेस की बागी सरिता चौहान के बीच मुकाबला, भाजपा प्रत्याशी ने लिया नाम वापस
बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में निकिता डूडी और कांग्रेस की बागी सरिता चौहान के बीच मुकाबला होगा। भाजपा प्रत्याशी धापू कंवर ने नाम वापस ले लिया।
राजस्थान के बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। अब जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी और कांग्रेस की बागी उम्मीदवार सरिता चौहान आमने-सामने हैं। भाजपा प्रत्याशी धापू कंवर और निर्दलीय उम्मीदवार संतोष के नाम वापस लेने के बाद भाजपा मुकाबले से बाहर हो गई है।
बीकानेर में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर कांग्रेस के भीतर खींचतान देखने को मिल रही है। पार्टी ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय रामेश्वर डूडी तथा नोखा विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी को अपना अधिकृत उम्मीदवार बनाया है। वहीं पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल की बेटी और जिला परिषद सदस्य सरिता चौहान ने भी नामांकन दाखिल किया था। उन्होंने नाम वापस नहीं लिया, जिसके बाद मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
बीकानेर जिला परिषद में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत
बीकानेर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 30 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा को 8, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को 2 और माकपा को एक सीट मिली है। स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस के सामने अब पार्टी के भीतर ही चुनौती खड़ी हो गई है।
कांग्रेस पर्यवेक्षक कुलदीप इंदौरा और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग समेत पार्टी के कई नेता संगठन में एकजुटता की बात कर रहे थे। हालांकि, सरिता चौहान को नामांकन वापस लेने के लिए राजी नहीं किया जा सका। उन्होंने चुनाव मैदान में बने रहने का फैसला किया है।
सरिता चौहान ने टिकट वितरण पर उठाए सवाल
बागी उम्मीदवार सरिता चौहान ने कहा कि इस चुनाव में उनके पिता और भाई की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने दावा किया कि वह लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रही हैं, लेकिन कुछ दिन पहले पार्टी में आई नई लड़की को टिकट दे दिया गया।
सरिता के इस बयान से कांग्रेस की अंदरूनी नाराजगी भी सामने आई है। अब जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के सामने उनकी चुनौती बनी हुई है।
निकिता डूडी ने कही विरासत आगे बढ़ाने की बात
कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार निकिता डूडी ने कहा कि पार्टी ने उनके परिवार पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि वह डूडी साहब की विरासत को आगे बढ़ाएंगी और सभी का समर्थन उनके साथ है।
नाम वापसी के बाद अब बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में सीधा मुकाबला निकिता डूडी और सरिता चौहान के बीच होगा। जिला परिषद में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन चुनाव में पार्टी के भीतर की नाराजगी का असर भी देखने को मिल सकता है।

