कांग्रेस की आशा बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित, भाजपा ने नहीं उतारा उम्मीदवार

सवाई माधोपुर में कांग्रेस की आशा बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। भाजपा ने उम्मीदवार नहीं उतारा। जानें उप जिला प्रमुख चुनाव की तारीख और पूरा अपडेट।

कांग्रेस की आशा बैरवा निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित, भाजपा ने नहीं उतारा उम्मीदवार

 राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में कांग्रेस ने जिला प्रमुख पद पर निर्विरोध जीत दर्ज की है। कांग्रेस की आशा बैरवा बिना मुकाबले जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। खास बात यह रही कि भाजपा की ओर से इस पद के लिए किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। कांग्रेस ने जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से 26 सीटें जीतकर पहले ही स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया था।

जिला प्रमुख चुनाव के लिए वार्ड नंबर 15 से कांग्रेस की आशा बैरवा ने नामांकन दाखिल किया था। उनके अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा नहीं भरा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

विधायक और पूर्व विधायक रहे मौजूद

आशा बैरवा के निर्विरोध निर्वाचन के दौरान विधायक रामकेश मीणा, विधायक इंदिरा मीणा, पूर्व विधायक दानिश अबरार और अशोक बैरवा मौजूद रहे। निर्वाचन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

आशा बैरवा गृहणी हैं और पूर्व कैबिनेट मंत्री अशोक बैरवा की पत्नी हैं। उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा था और वार्ड नंबर 15 से जिला परिषद सदस्य चुनी गई थीं। सवाई माधोपुर जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम ने नवनिर्वाचित जिला प्रमुख आशा देवी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सवाई माधोपुर जिला परिषद की 31 में से 26 सीटें कांग्रेस के पास

जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 31 में से 26 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा को तीन सीटें मिलीं, जबकि एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी और एक सीट अन्य दल के खाते में गई। इस चुनाव में वार्ड नंबर 25 से निर्दलीय प्रत्याशी जयप्रकाश ने जीत हासिल की थी।

कांग्रेस की इस बहुमत वाली स्थिति के बीच जिला प्रमुख पद पर आशा बैरवा का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर को

जिला प्रमुख के निर्वाचन के अगले दिन यानी गुरुवार, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इसके लिए जिला परिषद सभागार में सुबह 10 बजे से निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों की बैठक होगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 1 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

सवाई माधोपुर में अब तक कौन-कौन रहे जिला प्रमुख?

सवाई माधोपुर जिले में अब तक अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता जिला प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उपलब्ध सूची के अनुसार, नत्थू सिंह मीणा जिले के पहले जिला प्रमुख थे। इसके बाद राजकुमारी जाटव, सीमा बैरवा, पृथ्वीराज मीणा, पंखीलाल मीणा, प्रहलाद मथुरिया, सुनीता गुर्जर, विनीता मीणा और सुदामा देवी मीणा सहित कई नेताओं ने यह पद संभाला।

अब 25 नवंबर 2026 को आशा बैरवा जिले की नई जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं।