LPG Price Cut: लगातार दूसरी बार सस्ता हुआ कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, दो महीने में ₹375.50 तक की राहत
Commercial LPG Price Cut: 1 अगस्त 2026 से 19 किलो कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ₹192 सस्ता हुआ। दो महीनों में कुल ₹375.50 की राहत, घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर।
अमेरिका-ईरान तनाव के बाद बढ़ी महंगाई के बीच आम कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर आई है। तेल विपणन कंपनियों ने एक बार फिर 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। लगातार दूसरे महीने की गई इस कमी से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संचालन लागत घटने की उम्मीद है।
नई दरें 1 अगस्त से लागू हो गई हैं। इस बार कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 192 रुपये की कमी की है। इससे पहले जुलाई में भी 183.50 रुपये की राहत दी गई थी। यानी सिर्फ दो महीनों में कॉमर्शियल सिलेंडर 375.50 रुपये तक सस्ता हो चुका है।
राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत के अनुसार, नई रेट लिस्ट जारी कर दी गई है। इसके तहत जयपुर में 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर, जो पहले 2957 रुपये में मिल रहा था, अब 2765 रुपये में उपलब्ध होगा। इससे छोटे और मध्यम व्यापारियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर पहले की तरह 945.50 रुपये में ही मिलेगा। तेल कंपनियों ने इस बार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।

सालभर में पहले लगातार बढ़े थे दाम
इस राहत से पहले साल 2026 के शुरुआती महीनों में कॉमर्शियल एलपीजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली थी। जनवरी में 111 रुपये, फरवरी में 49.50 रुपये, मार्च में 141.50 रुपये, अप्रैल में 195 रुपये, मई में 993 रुपये और जून में 42 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। इन लगातार बढ़ोतरी के कारण होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और फूड बिजनेस पर लागत का दबाव बढ़ गया था।
अब लगातार दो महीनों से कीमतों में आई गिरावट को कारोबारियों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतें नियंत्रित रहती हैं, तो आने वाले समय में व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में और राहत मिलने की संभावना बनी रह सकती है।

