दिल्ली में फिर आग का कहर! तुगलकाबाद की बहुमंजिला इमारत में धुआं बना मौत का जाल, 3 की जान गई
दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से 3 लोगों की मौत हो गई। दमकल विभाग ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
राजधानी दिल्ली में आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में स्थित एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 2:25 बजे दमकल विभाग को तुगलकाबाद की गली नंबर-1 स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत के भीतर खड़े वाहनों में आग लगी थी। आग से निकले घने धुएं ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गए। दमकलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
फायर अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 3:45 बजे आग पर काबू पा लिया गया था, जबकि सुबह 4 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई। हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। फिलहाल राहत और तलाशी अभियान पूरा कर लिया गया है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Saloni Kushwaha 
