Twisha Sharma Death Case: CBI ने गिरिबाला सिंह को किया गिरफ्तार, भोपाल एम्स में मेडिकल जांच
ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद भोपाल में पूछताछ और मेडिकल जांच की गई। मामले में आधुनिक तकनीकों से जांच जारी है।
ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के बाद सीबीआई की टीम भोपाल स्थित उनके घर पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। गिरफ्तारी के बाद गिरिबाला सिंह को मेडिकल जांच के लिए भोपाल एम्स ले जाया गया।
7 घंटे तक चली पूछताछ
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई ने गिरिबाला सिंह से करीब 7 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान एजेंसी ने दो चश्मदीद गवाहों से भी सवाल-जवाब किए। जांच एजेंसी ने उन पर सबूत छिपाने और नष्ट करने के आरोप लगाए हैं।
सीबीआई अब मेडिकल प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें भोपाल कोर्ट में पेश करेगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें जिला न्यायाधीश के आवास पर भी पेश किया जा सकता है।
टनल व्यू’ तकनीक से जांच
सीबीआई इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर रही है। कटारा हिल्स स्थित घर में ट्विशा शर्मा के अंतिम घंटों को समझने के लिए एजेंसी ने ‘टनल व्यू’ जांच पद्धति अपनाई है।
जांच टीम घर का पूरा वर्चुअल री-कंस्ट्रक्शन कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना वाले दिन कौन व्यक्ति कब घर में आया और बाहर गया। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और इंटरनेट गतिविधियों की बारीकी से जांच की जा रही है।
समर्थ सिंह पहले से CBI हिरासत में
पेशे से वकील समर्थ सिंह फिलहाल सीबीआई हिरासत में हैं। सीबीआई ने हाल ही में मध्य प्रदेश पुलिस से यह मामला अपने हाथ में लिया है और जांच तेज कर दी है।
हाईकोर्ट ने रद्द की थी अग्रिम जमानत
इससे पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा शर्मा दहेज मृत्यु मामले में पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत रद्द कर दी थी। अदालत ने कहा था कि निचली अदालत ने केस डायरी और गवाहों के बयानों जैसे अहम तथ्यों पर पर्याप्त विचार नहीं किया।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही सीबीआई ने गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दिया
Saloni Kushwaha 
