Heavy Rain Alert: महाराष्ट्र में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड से रेल-एक्सप्रेसवे ठप, मुंबई में स्कूल बंद और 20 ट्रेनें रद्द

देशभर में मानसून का असर तेज हो गया है। महाराष्ट्र में लगातार बारिश से लैंडस्लाइड, ट्रेनें रद्द, मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद और उड़ानें प्रभावित हुईं। जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट।

Heavy Rain Alert: महाराष्ट्र में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड से रेल-एक्सप्रेसवे ठप, मुंबई में स्कूल बंद और 20 ट्रेनें रद्द

देश के कई राज्यों में मानसून अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है, जहां लगातार तीसरे दिन मूसलाधार बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया। भारी बारिश के चलते कई जगह लैंडस्लाइड हुई, रेल और सड़क यातायात बाधित हो गया, जबकि मुंबई में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।

मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर करजत-लोनावला के भोर घाट सेक्शन में दो स्थानों पर भूस्खलन होने से तीनों रेलवे लाइनें प्रभावित हुईं। इसके चलते 20 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।

वहीं मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भी लैंडस्लाइड के कारण यातायात बाधित हो गया। सातारा जिले के महाबलेश्वर में वेण्णा नदी पर बना पुल क्षतिग्रस्त होने से 10 से 12 पर्यटक फंस गए। बाद में प्रशासन ने क्रेन की मदद से उनकी कारों को सुरक्षित बाहर निकाला।

भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने सोमवार को मुंबई के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी। मुंबई एयरपोर्ट पर 17 उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। वहीं निजी कंपनियों के कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी गई है।

महाराष्ट्र सरकार ने भी गंभीर मौसम को देखते हुए सरकारी कार्यालयों को समय से पहले बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही निजी संस्थानों से भी कर्मचारियों को घर से काम करने की सुविधा देने की अपील की गई है।

उधर, जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भी भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ, जिसमें 6 से 7 वाहन मलबे में दब गए। प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।