दिल्ली में बड़ा हादसा टला: करावल नगर में चार मंजिला इमारत ढही, समय रहते खाली कराने से बचीं कई जानें
दिल्ली के करावल नगर स्थित प्रकाश विहार में चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई। राहत की बात यह रही कि पहले से दरारें आने के कारण इमारत खाली करा ली गई थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन, दमकल विभाग और DDMA की टीमें मौके पर जांच और सुरक्षा कार्य में जुटी हैं।
नई दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के करावल नगर इलाके में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रकाश विहार स्थित एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इमारत में पहले से दरारें आने के कारण उसे समय रहते खाली करा लिया गया था, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के मुताबिक, 3 जून 2026 को शाम करीब 6:38 बजे करावल नगर थाने को प्रकाश विहार की गली नंबर-2 में एक इमारत के गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत में कुछ समय पहले दरारें दिखाई देने लगी थीं। स्थिति को देखते हुए भवन को खाली करा दिया गया था। कुछ घंटों बाद पूरी इमारत अचानक ढह गई। इमारत गिरते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
घटना के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि आसपास चल रहे नाले के निर्माण कार्य और इमारत गिरने के बीच कोई संबंध है या नहीं। एहतियात के तौर पर आसपास की अन्य इमारतों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राहुल अहलावत ने बताया कि दमकल विभाग, डीडीएमए और अन्य एजेंसियां मौके पर राहत और सुरक्षा संबंधी जरूरी कदम उठा रही हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Saloni Kushwaha 
