Rajasthan Solar Scheme: 3 लाख घरों पर मुफ्त लगेंगे सोलर रूफटॉप, 150 यूनिट तक बिजली खर्च करने वालों का बिल होगा जीरो

राजस्थान सरकार सितंबर से नई सौर ऊर्जा योजना शुरू करेगी। पहले चरण में 3 लाख घरों पर मुफ्त सोलर रूफटॉप लगाए जाएंगे। जानिए किन उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ और क्या हैं योजना की प्रमुख बातें।

Rajasthan Solar Scheme: 3 लाख घरों पर मुफ्त लगेंगे सोलर रूफटॉप, 150 यूनिट तक बिजली खर्च करने वालों का बिल होगा जीरो
Solar rooftop

राजस्थान में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने के लिए भजनलाल सरकार जल्द ही नई सौर ऊर्जा पहल शुरू करने जा रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के दायरे का विस्तार करते हुए बिजली वितरण कंपनियां (डिस्कॉम) सितंबर से नया यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन मॉडल लागू करेंगी। पहले चरण में राज्य के करीब 3 लाख घरों पर मुफ्त सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए जाएंगे।

नई व्यवस्था के तहत मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना के पात्र ऐसे घरेलू उपभोक्ता, जिनकी मासिक बिजली खपत 150 यूनिट तक है, उनके घरों पर 1.1 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम बिना किसी शुल्क के लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य इन परिवारों की बिजली जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी करना है, ताकि उनका मासिक बिजली बिल शून्य या बेहद कम हो सके।

अब तक प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना में उपभोक्ताओं को पहले अपने खर्च पर सोलर रूफटॉप लगवाना पड़ता था और बाद में सरकार से सब्सिडी मिलती थी। लेकिन नए मॉडल में यह पूरी जिम्मेदारी डिस्कॉम की होगी। यानी पात्र उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगाने के लिए कोई शुरुआती निवेश नहीं करना पड़ेगा। उपकरणों की खरीद, स्थापना, गुणवत्ता नियंत्रण और तकनीकी प्रबंधन का पूरा काम डिस्कॉम करेगा।

सरकार का मानना है कि इस मॉडल के लागू होने से राज्य में सोलर रूफटॉप लगाने की गति तेज होगी। इससे बड़ी संख्या में लोगों को स्वच्छ और सस्ती बिजली का लाभ मिलेगा। साथ ही पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।

ऊर्जा विभाग के अनुसार, सितंबर में योजना लॉन्च होने के बाद पात्र उपभोक्ताओं की पहचान, पंजीकरण और सोलर रूफटॉप लगाने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक परिवारों तक सौर ऊर्जा पहुंचाना और बिजली बिल का बोझ कम करना है।

यह योजना खासतौर पर उन परिवारों के लिए राहत लेकर आएगी, जिनकी मासिक बिजली खपत 150 यूनिट तक रहती है। ऐसे उपभोक्ताओं को बिना किसी प्रारंभिक खर्च के सोलर ऊर्जा का लाभ मिलेगा और लंबे समय तक बिजली पर होने वाला खर्च लगभग समाप्त हो सकता है।