क्रूज पर मौत का सफर, मची चीख-पुकार, अब तक 9 की मौत

मध्यप्रदेश में जबलपुर में दर्दनाक हादसा हो गया।बरगी बांध में क्रूज के पलटने से चीख पुकार मच गई। इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जैसे तैसे लोगों की जान बचाई गई

क्रूज पर मौत का सफर, मची चीख-पुकार, अब तक 9 की मौत

हर तरफ हाहाकार, तेज हवाओं के बीच जिंदगी को बचाने की जंग... ये मंजर था मध्यप्रदेश के जबलपुर के बरगी बांध का। जब 30 से 40 लोगों से भरा क्रूज अचानक नर्मदा में पलट गया. पानी से लबालब बांध में जब लोग डूबे तो हर किसी की आंखें सिर्फ अपनों को ढूंढ रही थीं. किसी ने आंखों के सामने अपने बच्चों को खो दिया, तो किसी ने अपनी मां और भाई को मरते देखा। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। सोचिए उन लोगों पर क्या बीत रही होगी,  पलक झपकते ही जिसके अपने आंखों से ओझल हो गए. उनके अपने डूबते रहे और वे बेबस होकर देखते रहे. चीख-पुकार और मदद की गुहार भी काम नहीं आई.  

मां-भाई को खोने वाली बच्ची ने कहा
उस बच्ची के बारे में सोचिए जो पल भर में बिन मां की हो गई. मां-पिता और भाई के साथ कुछ देर पहले जो हंसी के ठहाके लगा रही थी उसकी आंखों में सिवाय दर्द के कुछ दिखाई नहीं दे रहा. बच्ची बुरी तरह डरी, सहमी और घबराई हुई है. बच्ची के पिता तो मिल गए लेकिन मां-भाई और नाना का कुछ अता पता नहीं है। नानी की डूबने से मौत हो गई है. पल भर में उसकी खुशियां मातम में बदल गईं. जबलपुर क्रूज हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया.


मां का बेटे को सीने से लगाए शव देख कलेजा फटा
जबलपुर क्रूज हादसे ने दिल्ली के एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. पति, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी पिकनिक मनाने क्रूज पर चढ़े.  हादसे के दौरान पिता और बेटी किसी तरह सुरक्षित बच गए, लेकिन मां और बेटा क्रूज के अंदर ही फंस गए थे. आज सुबह मां का अपने बेटे को सीने से चिपकाए हुए शव मिला. मानो आखिरी पल तक उसे बचाने की कोशिश कर रही हो. मां और बेटे की ये फोटो देखने के बाद हर किसी की आंखों में आंसू थे। वाकई में मां और बेटे का प्यार इस आखिरी फोटो से समझा जा सकता है। हालांकि इस हादसे के बाद कई परिवार हैं जिन्होंने अपनों को खोया है।