Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: RLP प्रत्याशी को 0 वोट, BJP उम्मीदवार को सिर्फ 1 वोट
Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: सिणधरी के वार्ड 3 में RLP प्रत्याशी ओम प्रकाश को एक भी वोट नहीं मिला, जबकि परबतसर के वार्ड 13 में BJP उम्मीदवार कैलाशचंद को सिर्फ 1 वोट मिला। दोनों चौंकाने वाले नतीजे चर्चा में हैं।
राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों में कई चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं। कहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रत्याशी को एक भी वोट नहीं मिला, तो कहीं भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार के खाते में सिर्फ एक वोट आया। इन नतीजों ने प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को भी हैरान कर दिया।
सिणधरी में RLP प्रत्याशी को नहीं मिला एक भी वोट
बालोतरा जिले की सिणधरी नगरपालिका के वार्ड नंबर 3 में RLP प्रत्याशी ओम प्रकाश को एक भी वोट नहीं मिला। खास बात यह है कि ओम प्रकाश खुद इस वार्ड के मतदाता नहीं हैं, इसलिए उन्हें अपना वोट भी नहीं मिल सका। वहीं, एक मतदाता ने NOTA का विकल्प चुना।
इस वार्ड में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा। भाजपा प्रत्याशी खेमाराम को 93 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी भंवरा राम ने 133 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। वार्ड में कुल 226 वोट पड़े।
परबतसर में BJP प्रत्याशी को सिर्फ एक वोट
डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 में भी ऐसा ही चौंकाने वाला परिणाम सामने आया। यहां भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी कैलाशचंद को महज एक वोट मिला। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी हिना खानम ने 376 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।
निर्दलीय प्रत्याशी रसीद खां को 195 वोट मिले। इस तरह निर्दलीय उम्मीदवार भी भाजपा प्रत्याशी से 194 वोट आगे रहा। वार्ड में कुल 573 वोट पड़े। खास बात यह रही कि NOTA को भी एक वोट मिला।
परिवार के 12 वोट भी नहीं आए काम
कैलाशचंद के मुताबिक, उनका परिवार जिस वार्ड में रहता है, वहां उनके परिवार के करीब 12 वोट हैं। हालांकि, भाजपा ने उन्हें वार्ड नंबर 13 से टिकट दिया था। ऐसे में परिवार के सदस्य भी उन्हें वोट नहीं दे सके।
इन दोनों मामलों में प्रत्याशियों को मिले बेहद कम वोट ने राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों को चर्चा में ला दिया है।

